बिलासपुर।बिलासपुर जिले में चोरों का हौसला कुछ ज्यादा ही बढ़ा हुआ है। चोरों ने शिक्षिका के घर पर धावा बोलकर लाखों के जेवर और कैश पार कर दिये। घटना चकरभाठा थाना क्षेत्र की है, जहां एक शिक्षिका के सूने मकान को चोरों ने निशाना बनाकर सोने-चांदी के जेवर और नकदी चोरी कर ली।
सूने मकान का ताला तोड़कर जेवर और नकदी चोरी
पहली घटना चकरभाठा थाना क्षेत्र के ग्राम धमनी की है। यहां रहने वाली गीता शर्मा (50) निजी स्कूल में शिक्षिका हैं। उनके पति कमलेश शर्मा मुंगेली जिले के सरगांव तहसील में पदस्थ हैं।बताया गया कि सोमवार सुबह करीब 11 बजे गीता शर्मा स्कूल ड्यूटी के लिए घर से निकली थीं। उनके पति भी अपने काम के लिए बाहर चले गए थे। शाम करीब पांच बजे जब शिक्षिका वापस घर पहुंचीं तो मुख्य दरवाजे पर लगा ताला टूटा हुआ मिला।
घर के अंदर जाने पर कमरे में रखी आलमारी खुली मिली। जांच करने पर पता चला कि चोर आलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे सोने और चांदी के आभूषण तथा नकदी लेकर फरार हो गए।चोरी गए सामान में सोने का मंगलसूत्र, अंगूठी, कान के टॉप्स, चांदी की पायल, चांदी की बिछिया और लॉकर में रखे 13 हजार रुपये नकद शामिल बताए गए हैं।घटना की जानकारी मिलने के बाद शिक्षिका ने चकरभाठा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
निर्माणाधीन मकान से पाइप और तार चोरी
चोरी की दूसरी घटना सिविल लाइन क्षेत्र के नेहरू नगर निवासी अभिजीत चांदोकर से जुड़ी है। अभिजीत रहंगी में अपना मकान बनवा रहे हैं।रविवार शाम जब वे निर्माणाधीन मकान का जायजा लेने पहुंचे तो वहां रखा निर्माण सामग्री का कुछ सामान गायब मिला। जांच करने पर रेलिंग के पाइप, तार और अन्य सामान चोरी होने की जानकारी सामने आई।इसके बाद उन्होंने चकरभाठा थाने में घटना की शिकायत की। पुलिस ने इस मामले में भी अपराध दर्ज कर लिया है।
आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही पुलिस
दोनों चोरी की घटनाओं के बाद पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। साथ ही घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है।पुलिस का कहना है कि चोरी की घटनाओं से जुड़े आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है।



















