Chhattisgarh Mansoon Satr : छत्तीसगढ़ विधानसभा में अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली। बलौदाबाजार आगजनी कांड, FL-10, कोल घोटाला और नक्सल नीति जैसे मुद्दों पर सदन में भारी हंगामा हुआ। एक समय कार्यवाही पांच मिनट के लिए स्थगित भी करनी पड़ी। खबर लिखे जाने तक तीखी नोंकझोंक के बीच सदन में अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा जारी थी।
इससे पहले शुक्रवार को अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के शुरुआत से ही विपक्ष और सत्तापक्ष के बीच आरोप प्रत्यारोप तीखे रहे। बलौदाबाजार आगजनी कांड, कथित FL-10 घोटाला, कोल ब्लॉक आवंटन और नक्सल नीति जैसे मुद्दों को लेकर दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर तीखे आरोप लगाए। स्थिति इतनी गर्मा गई कि विधानसभा अध्यक्ष के हस्तक्षेप के बाद भी हंगामा जारी रहा और कार्यवाही को पांच मिनट के लिए स्थगित करना पड़ा।
बलौदाबाजार आगजनी कांड पर गरमाया सदन
चर्चा के दौरान बलौदाबाजार आगजनी कांड को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों ने इस घटना के लिए एक-दूसरे को जिम्मेदार ठहराया। बाद में आसंदी के हस्तक्षेप के बाद सदन में व्यवस्था बहाल की गई।
डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने साधा निशाना
अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने पिछली कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि FL-10 व्यवस्था में हजारों करोड़ रुपये का घोटाला हुआ था। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उस व्यवस्था को आगे नहीं बढ़ाया, बल्कि उसे सुधारने का काम किया।उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्थाओं में सुधार किया है और नक्सल नीति के मुद्दे पर भी सरकार चर्चा के लिए तैयार है।
राहुल गांधी के जिक्र पर बढ़ा विवाद
अपने भाषण के दौरान विजय शर्मा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी का उल्लेख करते हुए एक सोशल मीडिया पोस्ट का हवाला दिया। इस पर विपक्ष ने कड़ा विरोध जताया।कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव ने गृह मंत्री से अपने दावे के समर्थन में प्रमाण प्रस्तुत करने की मांग की। इसके बाद सत्ता पक्ष ने देवेंद्र यादव की बॉडी लैंग्वेज पर आपत्ति जताई, जिससे सदन में शोर-शराबा बढ़ गया।
पांच मिनट के लिए स्थगित हुई कार्यवाही
दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस और लगातार हंगामे के चलते विधानसभा की कार्यवाही पांच मिनट के लिए स्थगित करनी पड़ी। बाद में कार्यवाही दोबारा शुरू की गई।
कांग्रेस ने गिनाईं 136 वजहें
अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान कांग्रेस विधायक संगीता सिन्हा ने कहा कि भाजपा सरकार को सत्ता में आए 136 सप्ताह हो चुके हैं, इसलिए विपक्ष 136 बिंदुओं पर अविश्वास प्रस्ताव लेकर आया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि ढाई वर्ष के कार्यकाल में सरकार ने कोई बड़ा काम नहीं किया। उनके अनुसार भाजपा सरकार आज भी पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की योजनाओं और कार्यों को आगे बढ़ा रही है, जबकि अपनी उपलब्धियों का उल्लेख नहीं कर पा रही है।
संगीता सिन्हा ने कहा कि जनता की समस्याओं को सदन में उठाने के उद्देश्य से विपक्ष अविश्वास प्रस्ताव लेकर आया है और सरकार के पास इन सवालों का संतोषजनक जवाब नहीं है।










