धमतरी: छत्तीसगढ़ में भारी और भीषण बारिश का दौर लगातार जारी है। भीषण बारिश के चलते राज्य में जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो चुका है। नदी-नाले उफान पर हैं और कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति निर्मित हो गई है। कल कबीरधाम, बीजापुर, बालोद, सुकमा, धमतरी सहित कई जिलों में छुट्टी का आदेश जारी किया गया है।
सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन द्वारा लगातार स्कूलों में छुट्टी के आदेश दिए जा रहे हैं। 24 सितंबर को छुट्टी की घोषणा के बाद 25 सितंबर को भी कई जिलों में स्कूल और आंगनवाड़ी केंद्र बंद रखे गए थे। अब बारिश की गंभीरता को देखते हुए 26 सितंबर 2026 के लिए भी शैक्षणिक संस्थानों में छुट्टी की घोषणा की गई है।
जिला शिक्षा अधिकारी का आदेश
धमतरी जिले से इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिया गया है। कार्यालय जिला शिक्षा अधिकारी, जिला-धमतरी (छ.ग.) द्वारा जारी आदेश के अनुसार जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण विद्यार्थियों की सुरक्षा एवं स्वास्थ्य को दृष्टिगत रखते हुए यह फैसला लिया गया है।
आदेश के मुताबिक जिले में संचालित समस्त शासकीय, अशासकीय (निजी) एवं अनुदान प्राप्त विद्यालयों (स्कूलों) तथा महाविद्यालयों (कॉलेजों) में छुट्टी रहेगी। 26.09.2026 (शनिवार) को अवकाश घोषित किया गया है। यह आदेश कलेक्टर, जिला धमतरी द्वारा अनुमोदित है।
मौसम विभाग द्वारा दिए गए अलर्ट और नदियों के जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने अभिभावकों और बच्चों से अपील की है कि वे जलभराव वाले क्षेत्रों और उफान पर बह रहे नदी-नालों के पास न जाएं और सतर्कता बरतें।