रायपुर। शिक्षा विभाग से जुड़ी एक बड़ी खबर है। छत्तीसगढ़ के स्कूल शिक्षा विभाग में पदोन्नति का इंतजार कर रहे व्याख्याताओं के लिए महत्वपूर्ण खबर है। लोक शिक्षण संचालनालय ने व्याख्याता (टी संवर्ग) के पदोन्नत शिक्षकों की पदस्थापना के लिए ओपन काउंसिलिंग की प्रक्रिया निर्धारित कर दी है। इसके तहत कुल 399 पदोन्नत व्याख्याताओं (एल.बी.) को नई पदस्थापना दी जाएगी।
विभाग के आदेश के अनुसार ओपन काउंसिलिंग का आयोजन 6 अक्टूबर से 8 अक्टूबर 2026 तक रायपुर के शासकीय शिक्षक शिक्षा महाविद्यालय, बीटीआई ग्राउंड, शंकर नगर में किया जाएगा। काउंसिलिंग की प्रक्रिया प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शुरू होगी। अलग-अलग विषयों के लिए अलग समय निर्धारित किया गया है, ताकि पदोन्नत शिक्षकों की पदस्थापना प्रक्रिया व्यवस्थित तरीके से पूरी की जा सके।

पहले दिन हिन्दी, अंग्रेजी, संस्कृत और गणित की काउंसिलिंग
काउंसिलिंग के पहले दिन 6 अक्टूबर को हिन्दी और अंग्रेजी विषय के व्याख्याताओं को सुबह के सत्र में बुलाया गया है। सुबह 10 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक हिन्दी के 74 और अंग्रेजी के 35 व्याख्याताओं की काउंसिलिंग होगी।इसी दिन दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक संस्कृत और गणित विषय के शिक्षकों की काउंसिलिंग होगी। इस सत्र में संस्कृत के 49 और गणित के 48 व्याख्याताओं को शामिल किया जाएगा।
7 अक्टूबर को विज्ञान और सामाजिक विज्ञान विषयों की बारी
7 अक्टूबर को सुबह के सत्र में जीवविज्ञान, रसायन और राजनीति विज्ञान विषय के पदोन्नत व्याख्याताओं की काउंसिलिंग होगी। सुबह 10 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक जीवविज्ञान के 25, रसायन के 44 और राजनीति विज्ञान के 24 व्याख्याताओं की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।वहीं, दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक इतिहास, भूगोल, अर्थशास्त्र, वाणिज्य और भौतिक विषय के व्याख्याताओं की काउंसिलिंग होगी। इसमें इतिहास के 29, भूगोल के 15, अर्थशास्त्र के 54, वाणिज्य के 1 और भौतिक विषय के 1 व्याख्याता शामिल होंगे।

अनुपस्थित शिक्षकों के लिए 8 अक्टूबर को विशेष मौका
निर्धारित तिथि पर काउंसिलिंग में शामिल नहीं हो पाने वाले शिक्षकों के लिए विभाग ने 8 अक्टूबर को विशेष काउंसिलिंग का प्रावधान किया है। यह सत्र सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक आयोजित किया जाएगा।हालांकि, काउंसिलिंग में अनुपस्थित रहने या उपलब्ध पदों में से स्थान का चयन करने से इनकार करने वाले शिक्षकों की पदस्थापना संचालनालय द्वारा स्वयं किए जाने की बात आदेश में कही गई है।
पहचान और दस्तावेज रखना होगा जरूरी
काउंसिलिंग में शामिल होने वाले शिक्षकों को वर्तमान संस्था में कार्यरत होने और मूल पदस्थापना से संबंधित संस्था प्रमुख का प्रमाण पत्र साथ लाना होगा। इसके अलावा पहचान के लिए शासन द्वारा मान्य फोटोयुक्त पहचान पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।दिव्यांग श्रेणी के शिक्षकों को दिव्यांगता प्रमाण पत्र भी प्रस्तुत करना होगा। प्रमाण पत्र प्रस्तुत नहीं करने पर उन्हें सामान्य अभ्यर्थी के रूप में माना जाएगा।

महिला विद्यालयों के चयन को लेकर विशेष निर्देश
विभाग ने कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों में पदस्थापना को लेकर भी स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं। इन विद्यालयों में केवल महिला अभ्यर्थियों की पदस्थापना की जाएगी। ऐसे में पुरुष अभ्यर्थियों को इन संस्थाओं का चयन नहीं करने की सलाह दी गई है।
काउंसिलिंग स्थल पर ही मिलेगा पदस्थापना आदेश
पदोन्नत व्याख्याताओं के लिए प्रक्रिया का एक महत्वपूर्ण पहलू यह है कि काउंसिलिंग के दिन ही पदस्थापना आदेश जारी किए जाएंगे। विभागाध्यक्ष द्वारा अधिकृत नोडल अधिकारी के माध्यम से मौके पर पदस्थापना आदेश प्रदान किए जाएंगे।कुल मिलाकर, 399 पदोन्नत व्याख्याताओं की यह काउंसिलिंग प्रक्रिया स्कूल शिक्षा विभाग में पदोन्नति के बाद नई पदस्थापना की प्रक्रिया को आगे बढ़ाएगी। अब संबंधित शिक्षकों की नजर 6 अक्टूबर से शुरू होने वाली काउंसिलिंग और उपलब्ध पदस्थापना विकल्पों पर रहेगी।










