Chhattisgarh Monsoon Big Update। छत्तीसगढ़ में मानसून का इंतजार खत्म हो गया है। लंबे समय से मानसून को लेकर लग रही अटकलों के बीच मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़ में मानसून के इंट्री कर जाने को लेकर अधिकारिक तौर पर ऐलान कर दिया है। मानसून की इंट्री के साथ ही छत्तीसगढ़ का मौसम भी बदल गया है। बस्तर में पिछले 24 घंटे से जोरदार बारिश चल रही । आज दोपहर से राजधानी सहित प्रदेश के कई हिस्सों का मौसम बदल गया है।
बताया जा रहा है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून ने प्रदेश में दस्तक दे दी है। मौसम विभाग ने दंतेवाड़ा जिले से मानसून के प्रवेश की आधिकारिक पुष्टि की है। मानसून के सक्रिय होने के साथ ही प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 से 48 घंटों के दौरान राज्य के विभिन्न जिलों में भारी बारिश होगी। वहीं तेज हवाओं के साथ वज्रपात की भी संभावना है। कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक की स्थिति भी बन सकती है।
दंतेवाड़ा से हुई मानसून की एंट्री
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक मानसून ने बस्तर संभाग के दंतेवाड़ा जिले से छत्तीसगढ़ में प्रवेश किया है। इसके प्रभाव से दक्षिण छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में बादल छाने लगे हैं और वर्षा की अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं। हालांकि मौसम विभाग ने पहले ही 23 जून को छत्तीसगढ़ में मानसून के प्रवेश कर जाने की भविष्यवाणी की थी। हालांकि उससे पहले ही मानसून ने छत्तीसगढ़ में इंट्री कर ली।
गर्मी और उमस से मिलेगी राहत
बस्तर में मानसून के पहुंचने के साथ ही प्रदेश में अगले दो से तीन दिन में मानसून का असर दिखने लगेगा। आपको बता दें कि पिछले कुछ दिनों से प्रदेश के कई जिलों में तेज गर्मी और उमस लोगों को परेशान कर रही थी। मानसून की एंट्री के बाद तापमान में गिरावट आने की संभावना है, जिससे लोगों को राहत मिलेगी। किसानों के लिए भी यह खबर काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि खरीफ फसलों की तैयारी के लिए बारिश का इंतजार किया जा रहा था।
कई जिलों में बारिश के आसार
मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि आगामी दो दिनों में बस्तर, सरगुजा, रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर और आसपास के क्षेत्रों में वर्षा की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। कुछ स्थानों पर अच्छी बारिश होने की भी संभावना जताई गई है।मानसून के आगमन से कृषि गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद है।
धान की खेती वाले प्रदेश में समय पर मानसून का पहुंचना किसानों के लिए राहत और उत्साह की खबर माना जा रहा है।मौसम विभाग लगातार मानसून की प्रगति पर नजर बनाए हुए है और नागरिकों को मौसम संबंधी अपडेट पर ध्यान देने की सलाह दी है।










