रायपुर। मानसून की इंट्री भले ही छत्तीसगढ़ में हो चुकी हो, लेकिन अभी भी आधा प्रदेश सूखा ही है। हालांकि आज से मानसून के एक्टिव होने की उम्मीद मौसम विभाग ने जतायी है। मौसम विभाग की भविष्यवाणी के मुताबिक प्रदेशवासियों को भीषण गर्मी से जल्द राहत मिलने वाली है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून अब पूरे छत्तीसगढ़ में तेजी से सक्रिय होने जा रहा है। सोमवार से अगले चार दिनों तक बारिश की गतिविधियों में उल्लेखनीय बढ़ोतरी होगी, जबकि आगामी एक सप्ताह तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में गरज-चमक के साथ अच्छी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
प्रदेशभर में अनुकूल हुआ मानसून का माहौल
मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून के प्रदेश के शेष हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए सभी परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल हो चुकी हैं। इसके चलते प्रदेश के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम और कई स्थानों पर भारी बारिश होने के आसार हैं। इसके साथ ही तेज हवाएं और आकाशीय बिजली गिरने की भी चेतावनी जारी की गई है।
INSAT सैटेलाइट में दिखी बादलों की मजबूत गतिविधि
IMD के INSAT सैटेलाइट की इन्फ्रारेड (IR) तस्वीरों के अनुसार छत्तीसगढ़ के उत्तर और दक्षिणी हिस्सों में घने बादल सक्रिय हैं। वहीं प्रदेश के मध्य क्षेत्र में भी नमी लगातार बढ़ रही है। इसी वजह से अगले सात दिनों तक गरज-चमक के साथ बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है।
इन जिलों के लिए येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, जशपुर, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। साथ ही गरज-चमक के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना है।
यहां हुई सबसे ज्यादा बारिश
रविवार को प्रदेश के कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक वर्षा बस्तर संभाग के कोहकामेटा में 70 मिमी और कोंटा में 60 मिमी रिकॉर्ड की गई।
इसके अलावा—
- खड़गांव – 50 मिमी
- करपावांड – 40 मिमी
- फरसगांव – 40 मिमी
- मानपुर – 40 मिमी
- नारायणपुर – 40 मिमी
- मर्दापाल – 40 मिमी
- रामचंद्रपुर – 40 मिमी
- गंडई – 40 मिमी
किन इलाकों में कैसा रहेगा मौसम?
- सरगुजा, बलरामपुर और जशपुर में घने बादल छाए रहने के साथ अच्छी बारिश की संभावना है।
- बस्तर संभाग के दक्षिणी क्षेत्रों में तेज बारिश और आकाशीय बिजली गिरने का खतरा बना हुआ है।
- रायपुर, दुर्ग, धमतरी और महासमुंद में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
- बिलासपुर और आसपास बादलों की गतिविधि अपेक्षाकृत कम रहने से यहां बारिश की संभावना अन्य जिलों की तुलना में कम रहेगी।










