Singapore News: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सिंगापुर दौरे पर हैं। अप दौरे के दूसरे दिन SING FORUM 2026 के मंच से वैश्विक निवेशकों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों को छत्तीसगढ़ में निवेश के लिए आमंत्रित किया। मुख्यमंत्री ने इस दौरान कहा कि छत्तीसगढ़ अब सिर्फ खनिज और पारंपरिक उद्योगों तक सीमित नहीं है, बल्कि तकनीक, नवाचार और वैश्विक निवेश के क्षेत्र में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है।

सिंगापुर के मंच से छत्तीसगढ़ में निवेश का न्योता
सिंगापुर में आयोजित SING FORUM 2026 के उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ की औद्योगिक क्षमता और निवेश की संभावनाओं को वैश्विक उद्योग जगत के सामने रखा। उन्होंने राज्य के प्राकृतिक संसाधनों, औद्योगिक आधार और तेजी से विकसित हो रहे नए क्षेत्रों की जानकारी निवेशकों को दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ संसाधनों से समृद्ध राज्य होने के साथ-साथ अब नए अवसरों की भूमि भी बन रहा है। सरकार आधुनिक तकनीक और उपलब्ध संसाधनों के बेहतर समन्वय के जरिए राज्य को देश के प्रमुख औद्योगिक और निवेश केंद्रों में विकसित करने की दिशा में काम कर रही है।
टेक्नोलॉजी से ग्रीन एनर्जी तक निवेश की संभावनाएं
मुख्यमंत्री साय ने सिंगापुर के उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ संभावित निवेश और सहयोग के विभिन्न क्षेत्रों पर चर्चा की। बैठक में टेक्नोलॉजी एवं प्रोफेशनल कैपेबिलिटी सेंटर, लॉजिस्टिक्स, ग्रीन एनर्जी, औद्योगिक अधोसंरचना और शहरी विकास जैसे क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं पर बातचीत हुई।साय ने कहा कि सिंगापुर की तकनीकी दक्षता और शहरी विकास का अनुभव छत्तीसगढ़ की औद्योगिक क्षमता के साथ जुड़कर विकास के नए रास्ते खोल सकता है। राज्य सरकार निवेशकों को अनुकूल नीतिगत वातावरण और जरूरी सहयोग उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
निवेश के साथ रोजगार और कौशल विकास पर जोर
मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ और सिंगापुर के बीच संभावित साझेदारी को केवल निवेश तक सीमित नहीं बताया। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों के बीच सहयोग से राज्य में रोजगार के अवसर, कौशल विकास और तकनीकी हस्तांतरण को भी बढ़ावा मिल सकता है।छत्तीसगढ़ के लिए तकनीक आधारित उद्योगों और आधुनिक अधोसंरचना में निवेश आकर्षित करना राज्य की औद्योगिक अर्थव्यवस्था को नए क्षेत्रों तक विस्तार देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
SING FORUM में छत्तीसगढ़ की उपलब्धियां बताईं
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए SING FORUM 2026 में अपनी भागीदारी की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि सिंगापुर में वैश्विक मंच पर छत्तीसगढ़ की आवाज पहुंची है।
उन्होंने बताया कि भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के नामांकन पर उन्हें SING फोरम 2026 के उद्घाटन समारोह में छत्तीसगढ़ के लोगों का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला। कार्यक्रम में सिंगापुर की विदेश मामलों और व्यापार एवं उद्योग राज्य मंत्री सुश्री गान सिओ हुआंग, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और वैश्विक व्यापार जगत के प्रतिनिधियों के साथ उन्होंने मंच साझा किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वनों और खनिजों से समृद्ध छत्तीसगढ़ अब निवेश और नए अवसरों के लिए भी अपनी पहचान बना रहा है। सिंगापुर के मंच से उन्होंने राज्य की संभावनाओं को वैश्विक निवेशकों के सामने रखा और छत्तीसगढ़ में निवेश के लिए आमंत्रित किया।
छत्तीसगढ़-सिंगापुर साझेदारी पर नजर
SING FORUM 2026 में हुई चर्चा से छत्तीसगढ़ और सिंगापुर के बीच तकनीक, लॉजिस्टिक्स, ग्रीन एनर्जी और शहरी विकास जैसे क्षेत्रों में संभावित सहयोग का रास्ता खुल सकता है। राज्य सरकार की ओर से निवेशकों को नीतिगत सहयोग और बेहतर औद्योगिक वातावरण उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया है।
मुख्यमंत्री साय का यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है, जब छत्तीसगढ़ सरकार राज्य में नए निवेश और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने पर जोर दे रही है। सिंगापुर के निवेशकों को दिए गए इस न्योते के जरिए राज्य की औद्योगिक और कारोबारी संभावनाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत किया गया है।










