नई दिल्ली। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय दिल्ली दौरे पर हैं। दिल्ली से ही मुख्यमंत्री आज सिंगापुर के लिए रवाना हो जायेंगे। सिंगापुर रवाना होने के पहले मुख्यमंत्री का आज दिल्ली में व्यस्त कार्यक्रम रहा। पहले उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से मुलाकात की, उसके बाद देर शाम मुख्यमंत्री की छत्तीसगढ़ की नयी प्रदेश महामंत्री स्मृति ईरानी से मुलाकात की।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शुक्रवार को नई दिल्ली में भाजपा की राष्ट्रीय महासचिव, छत्तीसगढ़ की प्रदेश प्रभारी एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी से उनके निवास पर सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश में चल रहे विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और सरकार की प्राथमिकताओं की जानकारी साझा की।
बस्तर के विकास पर हुई विशेष चर्चा
मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री साय ने विशेष रूप से बस्तर के विकास और बदलते स्वरूप को लेकर चर्चा की। उन्होंने बताया कि बस्तर क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, सिंचाई, पर्यटन, रोजगार और आजीविका से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि विकास की योजनाओं का लाभ प्रदेश के दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों तक भी पहुंचे और स्थानीय जरूरतों के अनुरूप विकास कार्यों को गति दी जाए।
महिलाओं और युवाओं के लिए योजनाओं की दी जानकारी
सीएम साय ने प्रदेश में महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों की भी जानकारी दी। इसके अलावा युवाओं के कौशल विकास, रोजगार के अवसर और स्वरोजगार से जुड़ी पहलों पर भी चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने किसानों की आय बढ़ाने और कृषि आधारित गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ आदिवासी समुदायों के लिए संचालित शिक्षा, स्वास्थ्य और आजीविका से संबंधित योजनाओं की प्रगति से भी स्मृति ईरानी को अवगत कराया।
सरकार और संगठन से जुड़े विषयों पर भी चर्चा
मुलाकात के दौरान छत्तीसगढ़ में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों और जनहितकारी योजनाओं की प्रगति पर विचार-विमर्श हुआ। प्रदेश के सभी क्षेत्रों में विकास को गति देने और योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने से जुड़े विषयों पर भी चर्चा की गई।मुख्यमंत्री साय और स्मृति ईरानी के बीच हुई इस मुलाकात को प्रदेश के विकास, बस्तर में जारी कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े विषयों पर संवाद के रूप में देखा जा रहा है।










