धमतरी। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) मधुलिका तिवारी ने गुरुवार को नगरी विकासखंड के विभिन्न शासकीय विद्यालयों का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उनका एक अलग ही रूप देखने को मिला। निरीक्षण के बीच वे खुद टीचर बन गईं और पीएम श्री श्रृंगी ऋषि सेजेस शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, नगरी में कक्षा 11वीं के विद्यार्थियों को रसायन शास्त्र के ‘रासायनिक आबंधन’ (Chemical Bonding) विषय का अध्यापन कराया।
निरीक्षण के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी ने विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता, विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति, परीक्षा परिणाम, विषयवार अध्यापन और शासन की विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की। उन्होंने शिक्षकों और प्राचार्यों को शैक्षणिक कैलेंडर के अनुरूप समय पर पाठ्यक्रम पूरा कराने, नियमित मूल्यांकन करने और बेहतर परीक्षा परिणाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

केरेगांव स्कूल में उपस्थिति और परीक्षा तैयारी पर फोकस
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय केरेगांव में मासिक परीक्षा, निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों के वितरण, विषयवार अध्यापन और विद्यार्थियों की उपस्थिति का जायजा लिया गया। अनियमित विद्यार्थियों के अभिभावकों से संपर्क कर उनकी नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा ब्लूप्रिंट के अनुसार परीक्षा की तैयारी कराने के निर्देश दिए गए।
बिरगुड़ी स्कूल में संध्या प्रार्थना नियमित कराने के निर्देश
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बिरगुड़ी में उपचारात्मक (रिमेडियल) कक्षाओं, विद्यालय विकास योजना और विषयवार अध्यापन की समीक्षा की गई। विद्यार्थियों से बातचीत के दौरान संध्या प्रार्थना सभा नियमित नहीं होने की जानकारी मिलने पर प्राचार्य को तत्काल इसे नियमित कराने के निर्देश दिए गए।

स्मार्ट क्लास की सराहना, छात्रों को दिया मार्गदर्शन
पीएम श्री श्रृंगी ऋषि सेजेस विद्यालय, नगरी में स्मार्ट बोर्ड और इंटरएक्टिव पैनल के माध्यम से हो रहे आधुनिक शिक्षण की जिला शिक्षा अधिकारी ने सराहना की। इसी दौरान उन्होंने स्वयं कक्षा लेकर छात्रों को ‘रासायनिक आबंधन’ विषय पढ़ाया और कठिन अवधारणाओं को सरल तरीके से समझाया।
उन्होंने प्रवीण सूची में स्थान बनाने की क्षमता रखने वाले विद्यार्थियों की पहचान कर उन्हें विशेष मार्गदर्शन देने के निर्देश दिए। साथ ही छात्रों को NEET और JEE जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की गंभीर तैयारी के लिए प्रेरित किया।
निरीक्षण के दौरान सहायक संचालक कीर्ति कुमार साहू एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारी नगरी कलीराम साहू भी मौजूद रहे।



















