रायपुर। छत्तीसगढ़ में सेवारत शिक्षकों की सेवा सुरक्षा से जुड़े मुद्दे के बीच विभागीय TET परीक्षा को लेकर हलचल तेज हो गई है। विभागीय परीक्षा के आयोजन की मांग को लेकर साझा मंच के प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षा सचिव और DPI संचालक से मुलाकात की। इस दौरान शिक्षकों की सेवा सुरक्षा और विभागीय TET के आयोजन को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
साझा मंच के प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र राठौर के मुताबिक, अधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि सेवारत शिक्षकों की सेवा सुरक्षा के मुद्दे पर विभाग गंभीरता से काम कर रहा है। विभागीय TET के संबंध में जल्द निर्णय लिए जाने के संकेत भी अधिकारियों की ओर से दिए गए हैं।
विभागीय TET के कार्यक्रम का इंतजार
शिक्षक संगठनों की ओर से लंबे समय से सेवारत शिक्षकों के लिए विभागीय TET आयोजित करने की मांग उठाई जा रही है। इसी सिलसिले में साझा मंच ने अधिकारियों के सामने परीक्षा आयोजित करने की जरूरत रखी।
मुलाकात के बाद साझा मंच के प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र राठौर ने कहा कि विभागीय TET को लेकर हुई बातचीत से सकारात्मक संकेत मिले हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि विभाग जल्द ही परीक्षा के आयोजन को लेकर औपचारिक निर्णय लेते हुए कार्यक्रम जारी करेगा।
सेवा सुरक्षा को लेकर भी हुई चर्चा
प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों के सामने सेवारत शिक्षकों की सेवा सुरक्षा का मुद्दा भी रखा। शिक्षक नेताओं का कहना है कि विभागीय TET को लेकर अब अधिकारियों के स्तर पर चर्चा आगे बढ़ी है और परीक्षा आयोजन की दिशा में तैयारी की जा रही है।हालांकि, अभी परीक्षा की तारीख या विस्तृत कार्यक्रम की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। ऐसे में शिक्षकों की नजर अब विभाग के अगले आदेश पर है।
प्रतिनिधिमंडल में ये शिक्षक नेता रहे मौजूद
शिक्षा सचिव और DPI संचालक से मुलाकात करने वाले प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र राठौर, कौशल अवस्थी, उपाध्यक्ष देवेंद्र हरमुख, प्रदेश सचिव राजू टंडन, कोषाध्यक्ष शेषनाथ पांडे, संगठन मंत्री हेम कुमार साहू समेत अन्य पदाधिकारी शामिल रहे।










