न्यूज हेडलाइन टॉप न्यूज छत्तीसगढ़ ब्यूरोक्रेट वेब स्टोरी/शॉर्टस क्राइम शिक्षक/कर्मचारी देश/राज्य मौसम मनोरंजन खेल/खिलाड़ी राशिफल/धर्म सेहत ऑटोमोबाइल/मोबाइल बिजनेस नौकरी/सरकारी योजनाएं

---Advertisement---

धमतरी में सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर भाजपा की शिकायत, अजय चंद्राकर की छवि धूमिल करने का आरोप

धमतरी में अजय चंद्राकर से जुड़े कथित भ्रामक सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर जिला भाजपा ने सिटी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है। निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की गई।

August 16, 2026 9:17 AM
धमतरी में अजय चंद्राकर की छवि खराब करने का आरोप, पुलिस में शिकायत
---Advertisement---11

धमतरी। सोशल मीडिया पर कुरूद विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री अजय चंद्राकर को लेकर प्रसारित एक कथित भ्रामक पोस्ट पर राजनीति गरमा गयी है। 15 अगस्त को लेकर हुए विवाद पर जिला भाजपा ने मोर्चा खोल दिया है। भाजपा पदाधिकारियों ने सिटी कोतवाली धमतरी में लिखित शिकायत देकर मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

भाजपा का आरोप है कि कांग्रेस के सोशल मीडिया अकाउंट से अलग-अलग कार्यक्रमों की तस्वीरों और वीडियो को कथित तौर पर गलत संदर्भ में प्रस्तुत किया गया, जिससे अजय चंद्राकर की राजनीतिक और सार्वजनिक छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास हुआ।

पुराने वीडियो को स्वतंत्रता दिवस से जोड़ने का आरोप

दरअसल ये पूरा विवाद उस सोशल मीडिया पोस्ट से जुड़ा है, जिसमें अजय चंद्राकर का एक वीडियो शेयर करते हुए यह दावा किया गया कि उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के ध्वजारोहण कार्यक्रम में तिरंगे की जगह भाजपा का झंडा फहराया।पोस्ट के सामने आने के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई। भाजपा का कहना है कि वायरल सामग्री में अलग-अलग कार्यक्रमों की तस्वीरों और वीडियो को एक-दूसरे से जोड़कर भ्रामक संदेश देने की कोशिश की गई।

भाजपा ने बताई वीडियो की अलग कहानी

भाजपा की ओर से उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार, 15 अगस्त 2026 को अजय चंद्राकर धमतरी के एकलव्य खेल मैदान में आयोजित जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए थे। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया, परेड की सलामी ली और कार्यक्रम को संबोधित किया।भाजपा का दावा है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो स्वतंत्रता दिवस समारोह का नहीं, बल्कि 22 मार्च 2026 को आयोजित भाजपा के प्रशिक्षण वर्ग का है।

कपड़ों के आधार पर भी उठाया सवाल

वायरल वीडियो और 15 अगस्त के कार्यक्रम की तस्वीरों की तुलना करते हुए भाजपा ने दावा किया कि दोनों कार्यक्रमों में अजय चंद्राकर के पहनावे में भी अंतर है। वायरल वीडियो में वह नीले रंग की जैकेट में दिखाई दे रहे हैं, जबकि स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान उन्होंने मैरून रंग की जैकेट पहनी थी।भाजपा ने इसी आधार पर वायरल दावे की सत्यता पर सवाल उठाते हुए पुलिस से पूरे मामले की जांच की मांग की है।

पोस्ट के स्रोत की जांच की मांग

जिला भाजपा ने पुलिस से सोशल मीडिया पोस्ट के मूल स्रोत, उसे तैयार करने वाले और आगे प्रसारित करने वालों की भूमिका की जांच करने की मांग की है। पार्टी का आरोप है कि राजनीतिक द्वेष के चलते भ्रामक सामग्री प्रसारित कर अजय चंद्राकर की छवि खराब करने का प्रयास किया गया।

अजय चंद्राकर ने भी जताई आपत्ति

विवाद सामने आने के बाद अजय चंद्राकर ने वीडियो जारी कर कथित भ्रामक प्रचार पर आपत्ति जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग राजनीतिक लाभ और सोशल मीडिया पर ज्यादा व्यूज हासिल करने के लिए पुराने वीडियो को नए संदर्भ में पेश कर रहे हैं।

फिलहाल भाजपा की शिकायत के बाद पुलिस मामले में सोशल मीडिया पोस्ट और उससे जुड़े तथ्यों की जांच करेगी। जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि पोस्ट किस संदर्भ में तैयार और प्रसारित किया गया था।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related Stories

Leave a Comment