न्यूज हेडलाइन टॉप न्यूज छत्तीसगढ़ ब्यूरोक्रेट वेब स्टोरी/शॉर्टस क्राइम शिक्षक/कर्मचारी देश/राज्य मौसम मनोरंजन खेल/खिलाड़ी राशिफल/धर्म सेहत ऑटोमोबाइल/मोबाइल बिजनेस नौकरी/सरकारी योजनाएं

---Advertisement---

धमतरी में बाढ़ का कहर: 5 दिन बाद मिला लापता रिटायर्ड वनकर्मी का शव, नदी में बहने की आशंका

धमतरी के सिरसिदा से लापता रिटायर्ड वनकर्मी बाबूलाल साहू का शव 5 दिन बाद भूमका के पास नदी से बरामद हुआ। बारिश और बाढ़ के बीच पुलिस और SDRF कर रही थी तलाश।

October 1, 2026 8:30 AM
धमतरी के भूमका के पास नदी से बरामद रिटायर्ड वनकर्मी बाबूलाल साहू का शव
---Advertisement---11

धमतरी। जिले में बीते दिनों हुई झमाझम बारिश के बाद नदी-नालों में आए उफान और बाढ़ ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया। कई इलाकों में पानी घरों तक पहुंच गया, वहीं नदी-नालों के तेज बहाव के कारण कई रास्ते भी बंद हो गए थे। इसी दौरान सिहावा थाना क्षेत्र के सिरसिदा गांव से लापता हुए रिटायर्ड वनकर्मी बाबूलाल साहू (करीब 65 वर्ष) का शव करीब पांच दिन बाद बरामद किया गया है।

बताया जा रहा है कि बाबूलाल साहू वन विभाग में बाबू के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। वे बीते शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात अपने घर पर मौजूद थे। शनिवार सुबह जब परिजनों ने उठकर देखा तो वह घर से गायब थे। इसके बाद परिजनों ने आसपास उनकी तलाश शुरू की।

नदी किनारे मिले थे मोबाइल, शॉल और अन्य सामान

तलाश के दौरान बाबूलाल साहू का मोबाइल और शॉल बालका नदी के किनारे मिला था। वहीं उनका डंडा और टॉवेल भी नदी के पास सीढ़ियों पर पड़ा मिला। मौके की परिस्थितियों और नदी में उस समय आए तेज बहाव को देखते हुए उनके पानी में बहने की आशंका जताई गई।

परिजनों ने काफी तलाश के बाद जब उनका कोई सुराग नहीं मिला तो मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने परिजनों की मदद से नदी और आसपास के इलाकों में लगातार तलाश अभियान चलाया।

मछली पकड़ने गए लोगों ने देखा शव

कई दिनों तक तलाश के बाद अब बाबूलाल साहू का शव बरामद कर लिया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, शव बिरगुड़ी से भूमका के बीच महानदी और दुधावा जलाशय के अंतिम छोर पर बने बड़े पुल से करीब 500 मीटर आगे नदी में मिला।
बताया जा रहा है कि कुछ लोग नदी में मछली पकड़ने के लिए गए थे। इसी दौरान उनकी नजर नदी में पड़े शव पर पड़ी। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर लिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

करीब पांच दिन से चल रही थी तलाश

बाबूलाल साहू के लापता होने के बाद से ही उनके परिजन काफी परेशान थे। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम लगातार उनकी तलाश में जुटी थी। नदी में तेज बहाव और बारिश के कारण रेस्क्यू टीम को भी काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।

करीब पांच दिन बाद भूमका गांव के पास नदी में शव मिलने के बाद तलाश अभियान समाप्त हुआ। प्रारंभिक परिस्थितियों को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि बाढ़ के दौरान नदी के तेज बहाव में बहने के कारण उनकी मौत हुई होगी। हालांकि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

एक छात्रा भी हुई थी लापता

गौरतलब है कि बारिश और बाढ़ के दौरान धमतरी जिले में अलग-अलग स्थानों से लोगों के लापता होने की खबरें सामने आई थीं। सिहावा थाना क्षेत्र के सिरसिदा से बाबूलाल साहू के लापता होने के अलावा मगरलोड क्षेत्र के मेघा से एक छात्रा के भी तेज बहाव में बहने की सूचना मिली थी।दोनों मामलों में पुलिस और एसडीआरएफ की टीम तलाश अभियान में जुटी थी। बाबूलाल साहू का शव बरामद होने के बाद अब पुलिस आगे की जांच और आवश्यक कार्रवाई कर रही है।

 

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related Stories

Leave a Comment