धमतरी,29 जुलाई 2026। जिले में रुक, रुककर लगातार हो रही बारिश से जहां कृषि कार्यों में तेजी आई है, वहीं वनांचल क्षेत्रों के नदी-नाले उफान पर है। जहां तेज बारिश के कारण महानदी और बालका नदी का जलस्तर बढ़ गया है, जिससे कर्णेश्वर घाट स्थित बालका-महानदी संगम पर बने एनिकट के ऊपर से पानी बह रहा है।
इसी बीच एक वाहन चालक द्वारा जान जोखिम में डालकर पानी से लबालब एनिकट को पार करने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में स्पष्ट देखा जा सकता है कि कैसे वाहन पानी के तेज बहाव के बीच एनिकट पार करता दिखाई दे रहा है, जिसे देखकर लोग हैरानी जता रहे हैं,इस दौरान वहां मौजूद किसी शख्स ने ये खौफनाक मंजर अपने कैमरे में कैद कर लिया,जो अब वायरल हो रहा है।
बारिश के दौरान एनिकट और पुल-पुलियों पर बहते पानी के बीच इस तरह की लापरवाही किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। प्रशासन लगातार लोगों से उफनते नदी-नालों और जलमग्न मार्गों को पार नहीं करने की अपील कर रहा है।


















