धमतरी, 24 जुलाई 2026। जिले में पर्यटन को बढ़ावा देने, प्राकृतिक पर्यटन स्थलों के संरक्षण, स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता फैलाने तथा सुरक्षित यातायात का संदेश देने के उद्देश्य से जिला प्रशासन धमतरी द्वारा आज प्रातः 7 बजे रुद्री चौक से मानसून बाइक रैली का आयोजन किया गया,इस मौके पर रैली में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा,जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जयंत नाहटा सहित प्रशासनिक अधिकारी-कर्मचारी, विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के सदस्य एवं बड़ी संख्या में लोग उत्साहपूर्वक शामिल हुए।
बता दे कि रैली रुद्री चौक से प्रारंभ होकर नरहरा जलप्रपात तक पहुंची इस जनजागरूकता रैली के माध्यम से प्रतिभागियों ने प्राकृतिक पर्यटन स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने, पर्यावरण संरक्षण,पर्यटन को बढ़ावा देने तथा सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने का संदेश दिया। रैली का उद्देश्य लोगों को पर्यटन स्थलों की साफ-सफाई, पर्यावरण संरक्षण और सुरक्षित वाहन संचालन के प्रति जागरूक करना था।
गौरतलब है कि जिला प्रशासन ने जिले के युवाओं, बाइक राइडर्स एवं आम नागरिकों से इस जनजागरूकता अभियान में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की थी, इस दौरान रैली में भाग लेने वाले सभी बाइक चालकों के लिए हेलमेट पहनना अनिवार्य किया गया था, साथ ही सभी प्रतिभागियों से यातायात नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित एवं अनुशासित ढंग से रैली में शामिल होने का आग्रह किया था।


















