धमतरी। प्रदेश के कई जिलों सहित धमतरी में गरज, चमक और आंधी के साथ हुए मुसलाधार बारिश ने खूब कहर बरपाया है,कहीं आसमानी बिजली आफत से एक की मौत होने की खबर है तो कहीं विशालकाय पेड़ गिरने से स्टेट हाइवे मार्ग बाधित हुआ है, एस वाहनों की जाम भी लगी रही।
बताया जा रहा है कि बारिश के बीच आज यानी बुधवार की देर शाम नगरी इलाके में आकाशीय बिजली गिरने से उसके चपेट में आकर एक युवक की जान चली गई, जबकि तीन लोग घायल बताए जा रहे हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक घटना फरसियां से बोड़रा मुख्य मार्ग की शाम करीब 6:30 से 7 बजे के बीच की है,जहां गाज गिरने से चार लोग इसकी चपेट में आ गए। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन घायलों अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां सभी का उपचार जारी है।
बताया जा रहा है कि घटना के समय क्षेत्र में तेज बारिश के साथ गरज-चमक हो रही थी। तभी उसी दौरान अचानक आकाशीय बिजली सड़क पर मौजूद लोगों के पास आ गिरी। बिजली की चपेट में आने से एक युवक गिरजा शंकर ध्रुव की मौत होने की खबर है, वहीं जितेंद्र सिन्हा, पोषण ध्रुव और भूपेश ध्रुव घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी को तत्काल शासकीय सिविल अस्पताल नगरी पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने गिरजा शंकर ध्रुव को मृत घोषित कर दिया, जबकि तीनों घायलों का उपचार जारी है। इस घटना के बाद से गांव में मातम पसरा हुआ है।
स्टेट हाईवे में पेड़ गिरने से धमतरी, नगरी मुख्य मार्ग हुआ बाधित।
उधर तेज आंधी और बारिश के चलते धमतरी से नगरी राजकीय राजमार्ग में बांधा के पास पेड़ गिरने से लोगों की आवाजाही बाधित हुई है,इस दौरान वाहनों की जाम होने की भी खबर मिल रही है, घटना अब से कुछ देर पहले की बताई जा रही है,हालांकि इस घटना में किसी तरह की कोई हताहत की खबर नहीं है, फिलहाल खबर लिखे जाने तक विशाल पेड़ सड़क से नहीं हटाया गया था।










