धमतरी ,26 जुलाई 2026। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत धमतरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पहली बार SAFEMA/NDPS Act के तहत नशे के कारोबार से अर्जित ₹35.85 लाख से अधिक की चल-अचल संपत्ति फ्रीज कराई है। मुंबई स्थित सक्षम प्राधिकारी SAFEMA/NDPSA ने 23 जुलाई 2026 को फ्रीजिंग आदेश की पुष्टि कर दी है।

आईजी रायपुर रेंज के निर्देशन और धमतरी एसपी के मार्गदर्शन में पुलिस ने मादक पदार्थों के अवैध कारोबारियों के आर्थिक नेटवर्क पर शिकंजा कसते हुए बैंक खाते, फिक्स्ड डिपॉजिट, बीमा निवेश, वाहन और अचल संपत्तियों की जांच की। जांच में अवैध कमाई से अर्जित संपत्तियों की पुष्टि होने पर उन्हें NDPS Act की धारा 68F के तहत फ्रीज किया गया।
पहले प्रकरण में आरोपी आरती रजक से जुड़े बैंक खाते, एफडी एवं अन्य निवेश सहित 12.93 लाख रुपए की संपत्ति फ्रीज की गई।
वहीं दूसरे प्रकरण में आरोपी करण सिंह धुरी, उसकी पत्नी उषा बाई धुरी और पुत्री जाइका धुरी से जुड़े बैंक खाते, वाहन और अचल संपत्तियों सहित 22.91 लाख रुपए की संपत्ति फ्रीज की गई। दोनों मामलों में संबंधित पक्ष वैध आय का संतुष्टि पूर्वक प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सके, जिसके बाद सक्षम प्राधिकारी ने फ्रीजिंग आदेश को बरकरार रखा।
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अब कार्रवाई केवल गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि नशे के कारोबार से अर्जित अवैध संपत्तियों पर भी सीधा आर्थिक प्रहार किया जाएगा। संबंधित आरोपियों के खिलाफ पहले से NDPS Act तथा PITNDPS Act के तहत भी कार्रवाई की जा चुकी है।धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थों की बिक्री, परिवहन, संग्रहण या अन्य अवैध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।


















