धमतरी, 19 जुलाई 2026। प्रधानमंत्री की महत्वाकांक्षी “पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना” के तहत धमतरी जिले का सुदूर वनांचल स्थित ठेनही गांव जिले का पहला सामूहिक सोलर प्लांट वाला गांव बन गया है। जहां जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा ने गांव पहुंचकर स्थापित सोलर प्लांट का निरीक्षण कर योजना की प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उनके साथ जनपद सदस्य सिरधन सोम, उपसरपंच रूपेश नाग, शिव कुमार, रवि भट्ट तथा हनी कश्यप सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा ने कहा कि प्रधानमंत्री की महत्वाकांक्षी “पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना” ग्रामीण क्षेत्रों में ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में धमतरी जिले में इस योजना का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। ठेनही गांव में स्थापित सामूहिक सोलर प्लांट न केवल ग्रामीणों को बिजली उपलब्ध कराएगा, बल्कि यह पर्यावरण संरक्षण, हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने और ग्रामीण विकास की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने बताया कि इस परियोजना से गांव के परिवारों के बिजली खर्च में कमी आएगी तथा स्वच्छ और सस्ती ऊर्जा का लाभ मिलेगा। साथ ही जिले के अन्य गांवों में भी इस मॉडल का विस्तार करने की योजना है, ताकि अधिक से अधिक ग्रामीण परिवार इस योजना का लाभ उठाकर ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन सकें।
जानकारी के अनुसार, वेंडरों के माध्यम से सब्सिडी योजना के तहत ठेनही गांव के कुल 71 परिवारों का 2.2 किलोवाट क्षमता के लिए पंजीयन किया गया है। इसके तहत गांव में कुल 142 किलोवाट क्षमता का सामूहिक सोलर प्लांट स्थापित किया गया है।
यह सामूहिक सोलर परियोजना ग्रामीणों को न केवल बेहतर, सस्ती और स्वच्छ बिजली उपलब्ध कराएगी, बल्कि नवीकरणीय ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देते हुए गांव को ऊर्जा आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी मील का पत्थर साबित होगी। प्रशासन का लक्ष्य इस मॉडल को जिले के अन्य गांवों में भी लागू कर अधिक से अधिक लोगों तक योजना का लाभ पहुंचाना है।










