धमतरी। प्रदेश के कई जिलों सहित धमतरी में पिछले तीन दिनों से हो रही तेज बारिश के चलते लोगों की दिनचर्या अस्त-व्यस्त हो गया है। लगातार हो रहे बारिश से नदी-नाले उफान पर हैं और वहीं कई जगह पुल-पुलियों के ऊपर से पानी बह रहा है। इसी बीच भखारा क्षेत्र में एक कार पानी के तेज बहाव में बह गई। गनीमत रही कि कार सवार दो लोगों ने समय रहते वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली।
जानकारी के मुताबिक रायपुर जिले के ग्राम सलोनी निवासी मदन पाल अपने दोस्त के साथ कार से अपने रिश्तेदार के घर जोरातराई आया था। इस दौरान आज यानी शनिवार को दोनों कार से वापस अपने गांव लौट रहे थे। उसी दौरान जोरातराई-सिंगदेही पुल के पास सड़क के ऊपर पानी बह रहा था।
बताया जा रहा है कि पानी के तेज बहाव के बीच कार को पार कराने की कोशिश की गई, लेकिन बहाव अधिक होने के कारण कार पानी में बहने लगी। स्थिति को भांपते हुए कार सवार दोनों लोग समय रहते वाहन से बाहर निकल गए और सुरक्षित स्थान पर पहुंचकर अपनी जान बचाई।
घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर पानी में फंसी कार को बाहर निकाला। हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं होने से लोगों ने राहत की सांस ली। घटना ने एक बार फिर बारिश के दौरान उफनते नदी-नालों और जलभराव वाले रास्तों पर सावधानी बरतने की जरूरत को सामने ला दिया है।










