दुर्ग। CISF जवान की प्रेमिका की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गयी है। परिजनों ने जहां हत्या का संदेह जताया है, तो वहीं जवान ने आत्महत्या की बात कहकर परिजनों को इसकी जानकारी दी है। मामला दुर्ग जिले के मोहन नगर थाना क्षेत्र के शंकर नगर का है। जहां लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही 26 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी थी। वारदात 27 सितंबर को घटी थी, लेकिन मामले का खुलासा 28 सितंबर की देर शाम को हुआ।
बताया जा रहा है कि युवती का शव घर की सीढ़ियों पर मिला था। उसके लिव-इन पार्टनर ने परिजनों को फोन कर घटना की जानकारी दी। वहीं, परिजनों ने मौत की परिस्थितियों पर सवाल उठाते हुए हत्या की आशंका जताई है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। हालांकि शिकायत के आधार पर जांच से कई कड़ियां इस मामले में सामने आ सकती है।
दो साल से CISF जवान के साथ रह रही थी युवती
घटना को लेकर जो प्रारंभिक जानकारी आयी है, उसके मुताबिक पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान अंजली जगदीश घोड़ेश्वर (26) के रूप में हुई है। वह पिछले करीब दो वर्षों से CISF जवान करण सिंह के साथ लिव-इन में रह रही थी। बताया गया है कि दोनों करीब 15 दिन पहले ही दुर्ग के शंकर नगर की गली नंबर-10 में एक किराए के मकान में रहने आए थे।मकान प्रतीक सोलंकी का बताया जा रहा है। नए मकान में शिफ्ट होने के कुछ ही दिनों बाद अंजली की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
सीढ़ियों पर मिला शव, परिजनों को दी आत्महत्या की जानकारी
घटना 27 सितंबर की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक अंजली का शव मकान की सीढ़ियों पर मिला। उसके लिव-इन पार्टनर ने कथित तौर पर परिजनों को फोन कर अंजली के आत्महत्या करने की जानकारी दी।परिजनों का कहना है कि घटना की जानकारी मिलने के बाद जब वे मौके पर पहुंचे तो उन्होंने मौत की परिस्थितियों को लेकर सवाल उठाए। उनका आरोप है कि लिव-इन पार्टनर ने पुलिस को तत्काल सूचना देने के बजाय पहले उन्हें फोन कर घटना की जानकारी दी।
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
अंजली के परिजनों ने उसकी मौत को आत्महत्या मानने पर सवाल उठाया है। उन्होंने हत्या की आशंका जताते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। हालांकि, अभी पुलिस जांच में मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं हुआ है।परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की भी पुलिस जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के दौरान सामने आने वाले अन्य तथ्यों के बाद ही मौत की परिस्थितियों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद मोहन नगर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है।पुलिस फिलहाल घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और संबंधित लोगों के बयान जांच में महत्वपूर्ण होंगे। पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई।










