रायपुर। छत्तीसगढ़ में शिक्षकों के विभिन्न मुद्दों को लेकर चल रहे आंदोलन के बीच शिक्षा विभाग ने प्रदेशस्तर पर एक बड़ी बैठक बुलाई है। शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव 25 अगस्त 2026 को प्रदेशस्तरीय बैठक लेंगे। बैठक में DPI के अधिकारियों के साथ प्रदेश के सभी संयुक्त संचालक (JD), जिला शिक्षा अधिकारी (DEO), विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) और जिला मिशन समन्वयक (DMC) शामिल होंगे।
यह बैठक 25 अगस्त को सुबह 11 बजे से रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित की जाएगी। लोक शिक्षण संचालनालय की ओर से जारी बैठक एजेंडे में शिक्षा विभाग से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक और शैक्षणिक विषयों को शामिल किया गया है।

ऑनलाइन अटेंडेंस से लेकर शिक्षकों की कार्यस्थिति तक होगी समीक्षा
बैठक के एजेंडे में शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों तथा अधिकारियों की Online Attendance की समीक्षा को प्रमुखता दी गई है। इसके अलावा स्कूल पोर्टल पर शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों की जानकारी और स्कूलों से संबंधित जानकारी के संधारण की स्थिति पर भी चर्चा होगी।
वहीं, स्कूलों एवं कार्यालयों में संलग्न शैक्षणिक और गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों की कार्यस्थिति एवं कार्यभार ग्रहण से जुड़ी जानकारी भी बैठक में रखी जाएगी।
ऑनलाइन लॉटरी और शिक्षकों की बहाली से जुड़े मामलों पर भी चर्चा
बैठक के एजेंडे में सीएसईबी ऑनलाइन-लॉटरी में प्राप्त आवेदनों की स्थिति की जानकारी भी मांगी गई है। इसके अलावा जुलाई 2025 से जिन मामलों में संभागीय संयुक्त संचालकों द्वारा निलंबन एवं निलंबन से बहाली की कार्रवाई की गई है, उसकी जानकारी भी बैठक में प्रस्तुत की जाएगी।इसके साथ ही न्यायालयीन प्रकरणों में किये गये जवाबदावों की जानकारी भी ली जाएगी। इससे लंबित न्यायिक मामलों और विभाग की ओर से की गई कार्रवाई की समीक्षा की जा सकेगी।
छात्रावास, बालिका शौचालय और आकांक्षी क्षेत्रों की योजनाओं पर भी नजर
जारी एजेंडे में राज्य निर्माणाधीन उच्च शिक्षा योजना से जुड़े प्रकरणों एवं प्रगति की जानकारी भी शामिल है। इसके अलावा बालिका शौचालय विहीन विद्यालयों की जानकारी तथा संबंधित योजना के तहत कलेक्टर को भेजे गए बालिका शौचालय निर्माण के प्रस्तावों की जानकारी भी मांगी गई है।जिले की कार्य योजना, आकांक्षी प्रखंडों के लिए प्रस्तावित गतिविधियों और संबंधित प्रगति की जानकारी भी बैठक में ली जाएगी।
छात्रवृत्ति, स्मार्ट क्लास और PM श्री स्कूल भी एजेंडे में
शिक्षा मंत्री की बैठक में छात्रवृत्ति पंजीयन एवं वितरण की स्थिति की भी समीक्षा होगी। इसके अलावा स्मार्ट क्लास एवं ICT की जानकारी, PM श्री विद्यालयों के अंतर्गत गतिविधियों की स्थिति और योजनावार PFMS के माध्यम से भुगतान की स्थिति भी एजेंडे में शामिल है।वहीं, UDISE डेटा में बच्चों के नामांकन एवं अध्ययन की स्थिति की जानकारी और CWSN (Children With Special Needs) विद्यार्थियों से संबंधित जानकारी भी बैठक में रखी जाएगी।
शिक्षकों के आंदोलन के बीच बैठक से बढ़ी उम्मीद
शिक्षकों के विभिन्न मुद्दों को लेकर प्रदेश में चल रहे विरोध-प्रदर्शन के बीच शिक्षा मंत्री द्वारा प्रदेशस्तरीय बैठक बुलाए जाने को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। खासकर हाल के दिनों में TET की अनिवार्यता, पदोन्नति, B.Ed और ब्रिज कोर्स सहित शिक्षकों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर शिक्षक संगठन लगातार अपनी मांगें उठा रहे हैं।
हालांकि, जारी बैठक एजेंडे में TET की अनिवार्यता का अलग से उल्लेख नहीं किया गया है। ऐसे में 25 अगस्त की बैठक में शिक्षकों से जुड़े मौजूदा विवादों पर क्या चर्चा होती है और सरकार की ओर से क्या रुख सामने आता है, इस पर शिक्षक संगठनों और कर्मचारियों की नजर रहेगी।
बैठक के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक जानकारी और अभिलेखों के साथ उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं। ऐसे में 25 अगस्त की बैठक शिक्षा विभाग के लिए कई लंबित और महत्वपूर्ण विषयों की समीक्षा के लिहाज से अहम मानी जा रही है।



















