अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के हसदेव जंगल में पेड़ों की कटाई को लेकर चल रहे विवादों पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का बयान आया है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि लोगों को यह भ्रम अपने मन से निकाल देना चाहिए कि कोयला खनन और विकास कार्यों से केवल पर्यावरण को ही नुकसान पहुंच रहा है। राज्य सरकार विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाकर काम कर रही है। हसदेव अरण्य में कोयला खनन को लेकर लंबे समय से पर्यावरण संरक्षण और विकास के बीच संतुलन को लेकर बहस जारी है। मुख्यमंत्री के इस बयान को इसी संदर्भ में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि प्राकृतिक जंगलों का अपना अलग महत्व है, लेकिन विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाना भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि उद्योग नीति के तहत यदि कोई उद्योगपति पेड़ काटता है तो उसके बदले कई गुना अधिक पौधे लगाए जाते हैं। मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि विकास कार्यों के लिए कई बार पेड़ों की कटाई जरूरी हो जाती है। उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण के लिए पेड़ काटने पड़ते हैं, क्योंकि सड़कें आसमान में नहीं बनाई जा सकतीं।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने हसदेव क्षेत्र में पेड़ों की कटाई को लेकर पहली बार बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ का 44 प्रतिशत क्षेत्र वनाच्छादित है और राज्य में लगातार वृक्षारोपण के माध्यम से हरित क्षेत्र बढ़ाने का काम किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्षों से कैम्पा मद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत बड़े पैमाने पर पौधारोपण किया जा रहा है। इसके चलते प्रदेश में लगभग ढाई प्रतिशत अतिरिक्त वन क्षेत्र विकसित हो रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चलाए जा रहे ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान और कैम्पा योजना के संयुक्त प्रयासों से राज्य के करीब 2.5 प्रतिशत अतिरिक्त क्षेत्र को हरित आवरण में शामिल किया जा चुका है।मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्पष्ट किया कि राज्य की उद्योग नीति में पर्यावरण संरक्षण के कड़े प्रावधान हैं। यदि कोई उद्योग लगाने के लिए पेड़ों की कटाई करता है, तो उसे इसके बदले निर्धारित नियमों के अनुसार उससे कहीं अधिक संख्या में पौधे लगाने होते हैं।
उन्होंने विकास कार्यों का उदाहरण देते हुए कहा कि कई बार जनहित की परियोजनाओं के लिए पेड़ों की कटाई अपरिहार्य हो जाती है। नेशनल हाईवे-43 के चौड़ीकरण का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण के लिए पेड़ काटने पड़ते हैं, क्योंकि सड़कें आसमान में नहीं बनाई जा सकतीं।
मुख्यमंत्री ने हसदेव क्षेत्र में पर्यावरण को लेकर लगातार सवाल उठाने वालों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि किसी भी मुद्दे पर बयान देने से पहले लोगों को राज्य की उद्योग नीति, पर्यावरणीय नियमों और विकास की आवश्यकताओं को अच्छी तरह समझना चाहिए। तथ्यों की जानकारी के बिना केवल आरोप-प्रत्यारोप करना उचित नहीं है।










