धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में मंगलवार का दिन बेहद दुखद रहा। दो दोस्तों की जहां एक ही दिन मौत हो गयी, तो वहीं एक अन्य युवक ने भी अपनी जान दे दी। इनमें सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि दो मृतक आपस में करीबी दोस्त बताए जा रहे हैं। एक युवक की मौत की खबर मिलने के कुछ ही घंटों बाद उसके मित्र ने भी कथित तौर पर फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस तीनों मामलों की जांच कर रही है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
ई-रिक्शा चालक का पेड़ पर लटका मिला शव
जानकारी के अनुसार, धमतरी शहर के मकई वार्ड निवासी संजू कुमार साहू (25) ई-रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। पुलिस के मुताबिक वह सोमवार शाम से घर नहीं लौटा था। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। मंगलवार सुबह उसका शव एक पेड़ पर फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है।
ट्रैक्टर चालक ने घर में लगाई फांसी
इसी दिन जिले के ग्राम अछोटा में एक और आत्महत्या की घटना सामने आई। यहां गौपाल यादव (27) ने अपने घर के भीतर फांसी लगाकर जान दे दी। गौपाल ट्रैक्टर चालक के रूप में काम करता था। परिजनों ने जब उसे फंदे पर लटका देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
दोस्त की मौत के बाद अरविंद ने भी उठाया आत्मघाती कदम
दिन की तीसरी और सबसे संवेदनशील घटना संबलपुर-बोड़रा मार्ग के पास सामने आई। यहां अरविंद चतुर्वेदी (23) का शव फांसी के फंदे पर मिला। अरविंद भी मकई वार्ड का निवासी था और संजू कुमार साहू का करीबी मित्र बताया जा रहा है।जानकारी के मुताबिक, संजू की मौत की सूचना मिलने के बाद अरविंद उसके शव को देखने भी पहुंचा था। इसके कुछ समय बाद अरविंद द्वारा भी आत्मघाती कदम उठाने की खबर सामने आई। इस घटनाक्रम ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
पुलिस सभी पहलुओं की कर रही जांच
पुलिस का कहना है कि तीनों मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। विशेष रूप से यह भी जांच की जा रही है कि क्या अरविंद ने अपने दोस्त संजू की मौत से भावनात्मक रूप से आहत होकर यह कदम उठाया या इसके पीछे कोई अन्य कारण था। फिलहाल किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले पुलिस सभी तथ्यों और परिस्थितियों की जांच कर रही है।










