India Vs Ireland T20 match: टीम इंडिया को आयरलैंड के खिलाफ बेहद ही शर्मनाक हार झेलनी पड़ी है। आयरिश टीम ने टीम इंडिया को 34 रनों के बड़े अंतर से हरा दिया। इस हार के साथ भारत, आयरलैंड से 0-1 से पीछे हो गया है। इससे पहले लार्कन टकर की कप्तानी वाली आयरिश टीम ने शानदार गेंदबाजी की और भारतीय टीम को लक्ष्य से 34 रन पीछे ही रोक दिया।
यह पहला मौका है जब आयरलैंड की टीम ने भारतीय टीम को T20 मैच में हराया है। टीम इंडिया की बल्लेबाजी आज बेहद ही खराब रही। अभिषेक शर्मा के अलावा कोई भी दूसरा बल्लेबाज क्रीज पर टिक नहीं पाया। भारतीय टीम की शुरुआत ही काफी खराब रही। पावर प्ले में टीम इंडिया ने अपने तीन विकेट गंवा दिए थे।
टीम इंडिया का पहला विकेट संजू सैमसन के रूप में 16 रनों के स्कोर पर गिरा। संजू सिर्फ पांच रन ही बना पाए थे। तीसरे नंबर पर बैटिंग करने आए ईशान किशन का बल्ला भी नहीं चला। वह पांच गेंद पर एक रन बनाकर आउट हो गए। ईशान किशन के आउट होने के बाद कप्तान अय्यर मैदान पर उतरे, लेकिन वह भी बुरी तरह फ्लॉप रहे। उन्होंने 7 गेंद पर सिर्फ तीन रन बनाए।
भारतीय टीम एक छोर से लगातार पवेलियन लौट रही थी, दूसरी तरफ अभिषेक शर्मा क्रीज पर जम रहे। उन्होंने आक्रामक बल्लेबाजी की और 19 गेंद पर अपना अर्थशतक पूरा किया, लेकिन अर्धशतक बनाने के बाद वह क्रीज पर ज्यादा वक्त नहीं टिक पाए और आउट हो गए। भारतीय टीम के लिए अंतिम ओवरों में शिवम दुबे ने कुछ आकर्षक शॉट जरूर खेले, लेकिन 14 गेंद पर 25 रन बनाकर वह भी आउट हो गए। उसके पीछे तिलक वर्मा 19 रन, वाशिंगटन सुंदर 9 रन और अक्षर पटेल 15 रन पर आउट हो गए।
इससे पहले आयरिश टीम ने खराब शुरुआत के बावजूद 183 रनों का लक्ष्य भारतीय टीम के सामने खड़ा किया। आयरलैंड की शुरुआत काफी धीमी रही और पावर प्ले में आयरिश टीम ने सिर्फ 36 रन बनाए। एक समय उनके भी 30 रन पर तीन विकेट गिर चुके थे, 51 रन पर उन्होंने अपने चौथे विकेट गंवा दिया। कप्तान टकर ने काफी अच्छी बल्लेबाजी की और उन्होंने 36 गेंद पर 50 रनों की आकर्षक पारी खेली।










