न्यूज हेडलाइन टॉप न्यूज छत्तीसगढ़ ब्यूरोक्रेट वेब स्टोरी/शॉर्टस क्राइम शिक्षक/कर्मचारी देश/राज्य मौसम मनोरंजन खेल/खिलाड़ी राशिफल/धर्म सेहत ऑटोमोबाइल/मोबाइल बिजनेस नौकरी/सरकारी योजनाएं

---Advertisement---

छोटे भाई को हंसाने की कोशिश बनी आखिरी मुस्कान, खेल-खेल में चली गई 10 साल की रोमा की जान

कोरबा के बालको थाना क्षेत्र में 10 वर्षीय बच्ची रोमा राज की खेल-खेल में गमछे से दम घुटने से मौत हो गई। छोटे भाई को हंसाने की कोशिश परिवार के लिए जीवनभर का दर्द बन गई। पढ़ें पूरी खबर।

August 5, 2026 5:14 AM
छत्तीसगढ़ के कोरबा में खेल के दौरान बच्ची की मौत से परिवार में मातम
---Advertisement---11

कोरबा। घर में बच्चों की खिलखिलाहट कब चीख में बदल  गयी, किसी को समझ ही नहीं आया। जब तक समझ पाते, तब तक काफी देर हो चुकी थी। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के बालको थाना क्षेत्र स्थित सतनाम नगर में हुए एक हादसे ने झकझोर कर रख दिया। महज 10 साल की मासूम रोमा राज, जो अपने मासूम भाई के साथ हर दिन खेला करती थी, उसे हमेशा हंसाते रहती थी, उसने मंगलवार को अपने छोटे भाई को हंसाने के लिए खेल-खेल में ऐसा मजाक कर दिया, जो उसकी जिंदगी का आखिरी पल साबित हुआ।

मूल रूप से गढ़ उपरोड़ा की रहने वाली रोमा राज तीसरी कक्षा की छात्रा थी। पढ़ाई के बाद उसका अधिकांश समय अपने छोटे भाई के साथ हंसी-मजाक और खेलकूद में बीतता था। परिवार के अनुसार, दोनों भाई-बहन के बीच गहरा लगाव था और रोमा अक्सर अपने छोटे भाई को नई-नई हरकतें करके हंसाया करती थी।

सोमवार को भी घर के भीतर दोनों बच्चे खेल रहे थे। इसी दौरान रोमा ने एक गमछा ऊपर बांधकर उसमें सिर डालने की कोशिश की। शायद उसे अंदाजा भी नहीं था कि यह मासूम खेल कुछ ही क्षणों में एक दर्दनाक हादसे में बदल जाएगा। अचानक गमछा उसके गले में कस गया और उसका दम घुटने लगा।

कुछ देर बाद जब परिजनों की नजर रोमा पर पड़ी तो वे घबरा गए। आनन-फानन में गमछा हटाकर उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। यह खबर सुनते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। जिस घर में कुछ देर पहले बच्चों की हंसी गूंज रही थी, वहां अब सिर्फ सिसकियां सुनाई दे रही हैं।

परिजनों ने बताया कि रोमा पहले भी छोटे भाई को हंसाने के लिए इसी तरह की शरारतें करती थी, लेकिन इस बार एक छोटी सी चूक उसकी जिंदगी पर भारी पड़ गई। किसी ने कल्पना भी नहीं की थी कि मासूमियत भरा खेल इतना भयावह अंत लेकर आएगा।

घटना की सूचना मिलते ही बालको थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर मामला हादसे का माना जा रहा है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है ताकि घटना की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकें।

यह हादसा एक बार फिर याद दिलाता है कि बच्चों के खेल के दौरान थोड़ी-सी असावधानी भी बड़ा हादसा बन सकती है। विशेषज्ञ भी सलाह देते हैं कि बच्चों को ऐसे खेलों से दूर रखा जाए जिनमें गले, रस्सी, गमछे या फंदेनुमा वस्तुओं का इस्तेमाल हो, क्योंकि कुछ ही सेकंड में दम घुटने जैसी जानलेवा स्थिति बन सकती है।रोमा अब इस दुनिया में नहीं है, लेकिन उसकी मासूम मुस्कान और अपने छोटे भाई के चेहरे पर खुशी देखने की चाह हमेशा उसके परिवार की यादों में जिंदा रहेगी।

 

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related Stories

Leave a Comment