Teacher Accident। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में शिक्षक की मौत हो गई। पत्नी को स्कूल छोड़कर लौट रहे शिक्षक को सड़क पार करते समय तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल शिक्षक ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक अजय थवाईत और उनकी पत्नी दोनों शिक्षक थे। रोज की तरह बुधवार सुबह भी अजय अपनी पत्नी को एक्टिवा से स्कूल छोड़ने पहुंचे। पत्नी को स्कूल गेट पर छोड़ने के बाद जैसे ही वह पैदल सड़क पार कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
कोरबा के कटघोरा में पत्नी को स्कूल छोड़कर लौट रहे शिक्षक अजय थवाईत की तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से मौत हो गई। बाइक चालक घायल है, जबकि दूसरा युवक फरार हो गया।
टक्कर इतनी तेज कि बचाने का मौका नहीं मिला
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक की रफ्तार काफी तेज थी। टक्कर लगते ही शिक्षक सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही कटघोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उनकी जान नहीं बच सकी।
बाइक चालक अस्पताल में, साथी फरार
हादसे में बाइक चला रहा युवक भी घायल हुआ है, जिसका इलाज कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है। वहीं बाइक पर पीछे बैठा दूसरा युवक दुर्घटना के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
CCTV फुटेज से खुलेगा हादसे का राज
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया है और शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। हादसे की असली वजह और फरार युवक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।



















