रायपुर,12 जुलाई 2026।छत्तीसगढ़ विधानसभा का मानसून सत्र सोमवार यानी कल 13 जुलाई से शुरू होने जा रहा है। यह सत्र दिनों तक मतलब कि 17 जुलाई तक चलेगा, इस दौरान सदन की कुल 5 बैठकें आयोजित की जाएंगी। आगामी सत्र को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों ने अपनी-अपनी रणनीति तैयार कर ली है। ऐसे में सदन में कई अहम मुद्दों पर जोरदार चर्चा और हंगामे के आसार हैं।
मानसून सत्र के दौरान राज्य सरकार 8 महत्वपूर्ण विधेयक सदन में पेश करेगी। वहीं, विधायकों की ओर से विभिन्न विभागों से जुड़े कुल 1033 सवाल लगाए गए हैं, जिनका जवाब सरकार को देना होगा। इन प्रश्नों के माध्यम से जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर सरकार को सदन में अपना पक्ष रखना पड़ेगा,इस बार सत्र में नकटी गांव का मामला,किसानों की समस्याएं, कानून-व्यवस्था, विकास कार्यों की स्थिति और विभिन्न विभागों के कामकाज से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से उठने की संभावना है। विपक्ष सरकार को इन मुद्दों पर घेरने की तैयारी में है, जबकि सत्तापक्ष के विधायकों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों और विभागों से जुड़े कई सवाल लगाए हैं।
इसके अलावा, सदस्यों ने ध्यानाकर्षण प्रस्तावों के जरिए भी कई अहम और जनहित के विषयों को सदन में उठाने की तैयारी की है,ऐसे में पांच दिवसीय मानसून सत्र के दौरान सत्ता और विपक्ष के बीच तीखी बहस होने के साथ-साथ कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है। राजनीतिक दृष्टि से भी यह सत्र काफी अहम माना जा रहा है, क्योंकि इसमें सरकार की नीतियों, योजनाओं और विभागीय कार्यों को लेकर विपक्ष लगातार जवाब मांगने की कोशिश करेगा।














