पखांजूर (कांकेर)। कांकेर जिले के पखांजूर क्षेत्र से बड़ी खबर सामने आई है। मटोली चौक पर ट्रक और हाइवा के बीच भीषण सड़क हादसा हो गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों में आग लग गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग इतनी भीषण थी कि मिनटों में ही गाड़ियां जलकर खाक हो गयी।
जोरदार भिड़ंत के बाद लगी आग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक और हाइवा की आमने-सामने भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि टक्कर के तुरंत बाद दोनों वाहनों में आग भड़क उठी। आग तेजी से फैलने लगी, जिससे आसपास के लोग घबरा गए और घटनास्थल से दूर हटने लगे। हालांकि आग की लपटें काफी ऊंची जा रही थी। हालांकि स्थानीय लोगों की सक्रियता से कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।
प्रशासन और पुलिस मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। दमकल की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर आसपास के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया।
कोई जनहानि नहीं
राहत की बात यह है कि इस हादसे में फिलहाल किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। हालांकि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।मौके पर राहत और बचाव कार्य तेजी से चलाया जा रहा है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे घटनास्थल के आसपास भीड़ न लगाएं और सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।










