न्यूज हेडलाइन टॉप न्यूज छत्तीसगढ़ ब्यूरोक्रेट वेब स्टोरी/शॉर्टस क्राइम शिक्षक/कर्मचारी देश/राज्य मौसम मनोरंजन खेल/खिलाड़ी राशिफल/धर्म सेहत ऑटोमोबाइल/मोबाइल बिजनेस नौकरी/सरकारी योजनाएं

---Advertisement---

Raigarh News: सीने से चिपकाकर दौड़ती रही मां… हाथी ने मां की ले ली जान, लेकिन शव के पास खेलती दुधमुंही बच्ची को खरोंच भी नहीं पहुंचाया

रायगढ़ में जंगली हाथी के हमले में दुधमुंही बच्ची को सीने से चिपकाकर भाग रही मां की मौत हो गई, लेकिन मासूम बच्ची सुरक्षित बच गई। उसी दिन एक अन्य ग्रामीण की भी हाथी के हमले में मौत हुई।

July 12, 2026 4:58 AM
---Advertisement---

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से एक ऐसी दर्दनाक घटना सामने आई, जिसने हर किसी की आंखें नम कर दीं। जंगली हाथी के हमले के बाद अपनी दुधमुंही बच्ची को सीने से चिपकाकर जान बचाने भाग रही मां की मौत हो गई। लेकिन हैरानी की बात यह रही कि हाथी ने मासूम बच्ची को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया। ग्रामीणों के अनुसार, मां की मौत के बाद बच्ची काफी देर तक उसके शव के पास खेलती रही। हाथी उसके करीब आया, उसे सूंघा और फिर बिना कोई नुकसान पहुंचाए वहां से चला गया।

यह हृदयविदारक घटना धरमजयगढ़ वनमंडल के कापू वन परिक्षेत्र के तालगांव की है। वहीं, इसी दिन छाल वन परिक्षेत्र के औरानारा गांव में भी हाथी के हमले में एक ग्रामीण की मौत हो गई। लगातार दो मौतों के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

सुबह चार बजे गांव में घुसा हाथी, मच गई भगदड़

जानकारी के अनुसार, तड़के करीब चार बजे एक जंगली हाथी जंगल से निकलकर तालगांव बस्ती में पहुंच गया। हाथी की चिंघाड़ सुनते ही ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए घरों से निकलकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।इसी दौरान एक महिला अपनी दुधमुंही बच्ची को सीने से चिपकाकर दौड़ रही थी। हाथी ने उसका पीछा किया और हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को तत्काल कापू अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मां नहीं बची, लेकिन बच्ची को नहीं पहुंचाई कोई चोट

ग्रामीणों ने बताया कि मां की मौत के बाद दुधमुंही बच्ची उसके शव के पास ही रही। कुछ लोगों का कहना है कि हाथी वापस वहां आया, बच्ची को सूंघा और फिर बिना कोई नुकसान पहुंचाए जंगल की ओर लौट गया। हालांकि वन विभाग ने इस हिस्से की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।इस घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। मां की ममता और मासूम बच्ची के बच जाने की कहानी सुनकर हर कोई भावुक हो गया। ग्रामीण इसे ईश्वर की कृपा मानते हुए संत कबीरदास के दोहे “जाको राखे साइयां, मार सके न कोय” को याद कर रहे हैं।

औरानारा गांव में भी एक ग्रामीण की मौत

उधर, धरमजयगढ़ वनमंडल के छाल वन परिक्षेत्र के औरानारा गांव में भी हाथी ने एक ग्रामीण पर हमला कर दिया। हाथी को देखकर ग्रामीण भागने लगे, लेकिन हाथी ने बंधन अगरिया का पीछा कर उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हमले में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

वन विभाग की गाड़ी पर भी हमला

इधर, तालगांव में घटना की सूचना मिलने के बाद जब वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, तब आक्रामक हाथी ने विभाग की एक गाड़ी पर भी हमला कर दिया। इससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद वन अमले ने अतिरिक्त टीमों को तैनात कर हाथी की निगरानी शुरू कर दी है। इस घटना को लेकर वन विभाग और प्रशासन ने आसपास के गांवों में मुनादी कर लोगों से सतर्क रहने, अकेले जंगल की ओर नहीं जाने और हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है।लगातार हो रही इन घटनाओं से रायगढ़ जिले के ग्रामीणों में भय का माहौल है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related Stories

Leave a Comment