Raipur Honey Trap News: राजधानी रायपुर में हनीट्रैप का मामला बढ़ता जा रहा है। नशे की हालत में वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का एक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने दो युवतियों को गिरफ्तार किया है, जिन पर एक कारोबारी को रेप केस में फंसाने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने और पैसे वसूलने का आरोप है।
इस मामले में पुलिस ने बताया कि, आरोपित युवतियों ने कारोबारी को कार में नशीली सिगरेट पिलाकर उसकी फोटो और वीडियो बना लिए, फिर उन्हें वायरल करने और दुष्कर्म का मामला दर्ज कराने की धमकी देकर उगाही शुरू कर दी।
कारोबारी की शिकायत पर हुई कार्रवाई
शिकायतकर्ता जयंत चौधरी (38), निवासी न्यू सेल्स टैक्स कॉलोनी (शंकर नगर), ने पुलिस को बताया कि मई 2026 में गुढ़ियारी थाना परिसर में उसकी मुलाकात नित्या सिंह और पायल उर्फ आंचल तिवारी से हुई थी। शुरुआती परिचय के बाद दोनों युवतियां नौकरी दिलाने और ब्यूटी पार्लर खोलने के नाम पर लगातार आर्थिक मदद मांगने लगीं।
कार में नशीली सिगरेट पिलाने का आरोप
पीड़ित के अनुसार 14 जून को दोनों युवतियों ने उसे मिलने के लिए बुलाया। मुलाकात के दौरान कार में कथित तौर पर नशीली सिगरेट जलाई गई, जिससे उसे चक्कर आने लगे। आरोप है कि इसके बाद युवतियां उसे घर छोड़ने के बहाने साथ गईं और उसकी फोटो व वीडियो बना लिए।अगले ही दिन से दोनों ने कथित तौर पर फोटो और वीडियो के आधार पर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। युवतियों ने गलत आरोप लगाने और रेप केस दर्ज कराने की धमकी देते हुए मोटी रकम की मांग की।
25 हजार रुपये देने के बाद भी नहीं रुकी उगाही
बदनामी के डर से कारोबारी ने 25 जून को तरुण नगर हाट बाजार के पास दोनों युवतियों को 25 हजार रुपये नकद दिए। लेकिन इसके बावजूद ब्लैकमेलिंग का सिलसिला जारी रहा। शिकायत के मुताबिक, 1 जुलाई को दोनों युवतियां कारोबारी के कार्यालय के बेसमेंट तक पहुंच गईं। इतना ही नहीं, 10 जुलाई को वे ऑफिस के अंदर घुस गईं और कर्मचारियों के सामने कथित रूप से गाली-गलौज करते हुए दोबारा बड़ी रकम की मांग की। आरोप है कि पैसे नहीं देने पर रेप केस दर्ज कराने और बदनाम करने की धमकी भी दी गई।
पुलिस ने दोनों आरोपितों को किया गिरफ्तार
कारोबारी की शिकायत के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच के बाद दोनों आरोपित युवतियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
रायपुर में पहले भी सामने आ चुके हैं हनीट्रैप के मामले
रायपुर में यह पहला हनीट्रैप मामला नहीं है। इससे पहले भी गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में एक 54 वर्षीय व्यक्ति ने दो महिलाओं पर दोस्ती का फायदा उठाकर ब्लैकमेलिंग करने का आरोप लगाया था।पीड़ित के अनुसार, महिलाओं ने उसे अपने घर बुलाकर कथित रूप से नशीला पदार्थ मिलाकर शराब पिलाई और बेहोशी की हालत में उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें खींच लीं। बाद में सोशल मीडिया और परिवार के बीच तस्वीरें वायरल करने की धमकी देकर करीब 2.17 लाख रुपये की उगाही की गई। इस मामले में भी पुलिस ने शिकायत के आधार पर दोनों आरोपित महिलाओं को गिरफ्तार किया था।
लगातार बढ़ रहे हनीट्रैप के मामले
रायपुर में लगातार सामने आ रहे हनीट्रैप के मामलों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। पुलिस का कहना है कि अनजान लोगों से जल्दबाजी में दोस्ती करने, निजी मुलाकातों और आर्थिक लेन-देन में सतर्कता बरतना बेहद जरूरी है। किसी भी प्रकार की ब्लैकमेलिंग या धमकी मिलने पर तुरंत पुलिस से संपर्क करना चाहिए।










