Teacher Road Accident। एक सड़क हादसे में शिक्षिका की जान चली गयी। हादसा छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव शहर की बतायी जा रही है। हादसे में एक पुरुष गंभीर रूप से घायल है। घटना शुक्रवार शाम की बतायी जा रही है। शिक्षिका स्कूटी पर सवार थी। मिली जानकारी के मुताबिक बसंतपुर थाना क्षेत्र में पाताल भैरवी मंदिर के पास रक्षित आरक्षी केंद्र के सामने नगर निगम के पानी के टैंकर ने स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि शिक्षिका की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने टैंकर चालक को गिरफ्तार कर वाहन जब्त कर लिया है। शिक्षिका धनीराम साहू उच्चतर माध्यमिक शाला अर्जुनी में पदस्थ थी।
पाताल भैरवी मंदिर के पास हुआ दर्दनाक हादसा
जानकारी के अनुसार, हादसा शुक्रवार शाम करीब 5 बजे बसंतपुर थाना क्षेत्र के पाताल भैरवी मंदिर के समीप हुआ। शिक्षिका आभा सिंह स्कूटी से जा रही थीं। इसी दौरान नगर निगम का पानी का टैंकर उनकी स्कूटी की चपेट में आ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी जोरदार थी कि महिला को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
मौके पर जुटी भीड़, पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। सूचना मिलते ही बसंतपुर थाना पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की। पुलिस यह जांच कर रही है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और इसमें लापरवाही किसकी थी।
दो छोटे बच्चों के सिर से उठा मां का साया
मृतका आभा सिंह पेशे से शिक्षिका थीं। बताया जा रहा है कि उनके दो छोटे बच्चे हैं। उनकी अचानक मौत की खबर से परिवार, रिश्तेदारों और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई है। इस हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
टैंकर चालक गिरफ्तार, वाहन जब्त
पुलिस ने हादसे के बाद नगर निगम के पानी के टैंकर को जब्त कर लिया है। चालक अजय सोनवानी को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने शहर में भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर नाराजगी जताई है। लोगों का कहना है कि व्यस्त सड़कों पर भारी वाहनों की आवाजाही और लापरवाही से वाहन चलाने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के प्रभावी इंतजाम करने और लापरवाह चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।



















