Rohit Sharma Record । भारतीय टीम भले ही इंग्लैंड के खिलाफ मैच नहीं जीत सकी, लेकिन रोहित शर्मा ने सभी का खूब दिल जीता। लॉर्डस के ऐतिहासिक मैदान पर पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने आज सिर्फ रनों की झड़ी नहीं लगायी, बल्कि रिकार्ड की भी बौछार कर दी। इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में खेले गए तीसरे और निर्णायक वनडे मुकाबले में शानदार शतक जड़कर इतिहास रच दिया। लंबे समय से उनकी फॉर्म पर उठ रहे सवालों का जवाब देते हुए रोहित ने सिर्फ 84 गेंदों में शतक पूरा किया और कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए।
इस यादगार पारी के साथ वह लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर वनडे शतक लगाने वाले पहले भारतीय पुरुष बल्लेबाज बन गए।रोहित ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी के दौरान इंग्लैंड के गेंदबाजों पर शुरुआत से ही दबाव बनाए रखा। उन्होंने 110 गेंदों में 138 रन बनाए, जिसमें 17 चौके और 5 छक्के शामिल रहे। उनकी इस पारी का अंत जैकब बेथेल ने किया, लेकिन तब तक वह भारतीय टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा चुके थे।
84 गेंदों में पूरा किया शतक
रोहित शर्मा का ये शतक कई मायनों में अहम रहा। पहले दो मुकाबलों में बड़ी पारी नहीं खेलने वाले रोहित शर्मा ने तीसरे वनडे में शानदार वापसी की। उन्होंने 84 गेंदों पर अपना शतक पूरा किया, जिसमें 11 चौके और 3 छक्के शामिल थे। यह उनके वनडे करियर का 34वां शतक रहा।इससे पहले रोहित ने वनडे क्रिकेट में आखिरी शतक अक्टूबर 2025 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ लगाया था। इसके बाद लगातार आठ पारियों तक वह अर्धशतक भी नहीं बना पाए थे।
लॉर्ड्स में ऐसा करने वाले पहले भारतीय
रोहित शर्मा ने इस शतक के साथ लॉर्ड्स में नया इतिहास लिख दिया। वह वनडे क्रिकेट में लॉर्ड्स पर शतक लगाने वाले पहले भारतीय पुरुष बल्लेबाज बन गए। इससे पहले इस मैदान पर किसी भारतीय का सर्वोच्च वनडे स्कोर 90 रन था, जिसे पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने 2004 में इंग्लैंड के खिलाफ बनाया था। रोहित ने उस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। लार्डस में इससे पहले सबसे ज्यादा रनों का रिकार्ड सौरव गांगुली के नाम था। उन्होंने 90 रन बनाये थे,
लॉर्ड्स में 7 भारतीय बल्लेबाजों ने अर्धशतक जड़ा था
इस मैच से पहले लॉर्ड्स में 7 भारतीय बल्लेबाजों ने अर्धशतक जड़ा है। इनमें गांगुली, युवराज सिंह, महेंद्र सिंह धोनी, राहुल द्रविड़, सुरेश रैना, वीरेंद्र सहवाग और मोहम्मद कैफ, शामिल हैं। गांगुली ने सबसे ज्यादा 251, युवराज ने 170, धोनी ने 165,द्रविड़ ने 149, रैना ने 130, सहवाग ने 117 और कैफ ने 89 रन बनाए थे। लेकिन आज रोहित ने सभी को पीछे छोड़ दिया। आज शुभमन गिल और विराट कोहली ने भी अर्धशतक जड़े।
39 साल की उम्र में भी रिकॉर्ड पर रिकॉर्ड
39 वर्ष और 80 दिन की उम्र में रोहित शर्मा लॉर्ड्स में वनडे शतक लगाने वाले सबसे उम्रदराज बल्लेबाज भी बन गए। इसके साथ ही वह भारत की ओर से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में शतक लगाने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ियों की सूची में भी शीर्ष पर पहुंच गए।उनकी यह पारी इसलिए भी खास रही क्योंकि पिछले कुछ समय से उनके संन्यास और भविष्य को लेकर लगातार चर्चाएं चल रही थीं। रोहित ने बल्ले से जवाब देकर साफ कर दिया कि उनमें अभी भी बड़े मैचों में मैच जिताने की क्षमता बरकरार है।
शुभमन गिल के साथ शानदार साझेदारी
रोहित शर्मा ने कप्तान शुभमन गिल के साथ पहले विकेट के लिए 147 रन की मजबूत साझेदारी की। दोनों बल्लेबाजों ने भारतीय पारी को बेहतरीन शुरुआत दी और इंग्लैंड के गेंदबाजों को पूरे समय दबाव में रखा।
गौतम गंभीर ने खड़े होकर बजायी तालियां
जैसे ही रोहित ने अपना शतक पूरा किया, भारतीय ड्रेसिंग रूम तालियों से गूंज उठा। मुख्य कोच गौतम गंभीर, सपोर्ट स्टाफ और टीम के साथी खिलाड़ियों ने खड़े होकर उनकी ऐतिहासिक पारी का स्वागत किया। मैदान पर मौजूद विराट कोहली ने भी रोहित को गले लगाकर बधाई दी।शतक पूरा करने के बाद रोहित ने हेलमेट उतारे बिना बल्ला उठाकर लॉर्ड्स में मौजूद दर्शकों का अभिवादन स्वीकार किया। उनकी यह पारी भारतीय क्रिकेट के लिए लंबे समय तक याद रखी जाएगी।










