रायपुर। राजधानी रायपुर में विदेशी मोबाइल नंबर से व्हाट्सऐप पर 25 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने और रकम नहीं देने पर हत्या की धमकी देने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने खुद को अमन साहू गैंग से जुड़ा बताते हुए एक कारोबारी और उसके परिवार को निशाना बनाया था।
आरोपी की पहचान शोएब ढेबर (26) निवासी खम्हारडीह, रायपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना से संबंधित पांच आईफोन जब्त किए हैं, जिनकी कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई गई है।
विदेशी नंबर से आया था धमकी भरा संदेश
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी आनंदमल कुकरेजा ने थाना तेलीबांधा में शिकायत दर्ज कराई थी कि 14 सितंबर 2026 को उनके मोबाइल फोन पर विदेशी नंबर से व्हाट्सऐप के जरिए धमकी भरे संदेश भेजे गए। संदेश भेजने वाले ने खुद को अमन साहू गैंग से संबंधित बताया और 25 करोड़ रुपये की फिरौती की मांग की।
आरोपी ने रकम नहीं देने पर प्रार्थी, उनके पुत्र अजीत और परिवार के अन्य सदस्यों की हत्या करने की धमकी दी। साथ ही रायपुर और तेलीबांधा क्षेत्र में हत्या करवाने की धमकी देकर भय का माहौल बनाने का प्रयास किया गया।
शिकायत के आधार पर थाना तेलीबांधा में अपराध क्रमांक 403/26 के तहत बीएनएस की धारा 308(4), 351(3) और 351(4) में मामला दर्ज किया गया।
तकनीकी जांच से आरोपी तक पहुंची पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले तथा पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (मध्य जोन) तारकेश्वर पटेल की निगरानी में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई।
जांच टीम ने प्रार्थी से मिली जानकारी के आधार पर धमकी भरे व्हाट्सऐप संदेशों, विदेशी मोबाइल नंबर, अन्य नंबरों और भेजे गए वीडियो की तकनीकी जांच शुरू की। पुलिस ने संबंधित मोबाइल नंबरों, संपर्कों और डिजिटल इनपुट का विश्लेषण किया।
तकनीकी साक्ष्यों और फील्ड स्तर पर की गई पतासाजी के आधार पर पुलिस टीम आरोपी तक पहुंची। पुलिस ने आरोपी की पहचान शोएब ढेबर, निवासी खम्हारडीह, रायपुर के रूप में की और उसे गिरफ्तार कर लिया।
पांच आईफोन जब्त
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। उसके कब्जे से घटना से संबंधित पांच आईफोन जब्त किए गए हैं। जब्त मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शोएब ढेबर पिता अनवर ढेबर, उम्र 26 वर्ष, निवासी पॉम बेलाजियो, फ्लैट नंबर 803 बी, थाना खम्हारडीह, रायपुर के रूप में हुई है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक मामले की जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और अन्य डिजिटल इनपुट के आधार पर आरोपी तक पहुंचने में सफलता मिली।










