बिलासपुर। स्कूल से लौट रहे बच्चों के साथ दर्दनाक हादसा हो गया। तेज नदी के बहाव में तीन बच्चे बह गये। गोताखोरों की टीम ने काफी मशक्कत के बाद तीनों बच्चों के शव को बरामद कर लिया है। घटना बिलासपुर जिले के तखतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत समडील का है, जहां घोंघा नदी में बह गए तीन बच्चों की तलाश का अभियान रविवार को पूरा हो गया।
एसडीआरएफ और जिला प्रशासन की रेस्क्यू टीम ने तीनों मासूमों के शव नदी से बरामद कर लिए हैं। हादसे के बाद से पूरे गांव में शोक का माहौल है, वहीं बच्चों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार को तीनों बच्चे स्कूल से छुट्टी होने के बाद अपने घर लौट रहे थे। घर पहुंचने के रास्ते में घोंघा नदी पड़ती है।
बताया जा रहा है कि सुबह जब बच्चे स्कूल गए थे, उस समय नदी में पानी का स्तर काफी कम था। लेकिन दिनभर हुई बारिश के बाद नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया और बहाव तेज हो गया। इसी दौरान नदी पार करते समय तीनों बच्चे तेज बहाव की चपेट में आ गए।
देर होने के कारण नदी के रास्ते से गए थे बच्चे
ग्रामीणों और परिजनों के अनुसार, बच्चे आमतौर पर स्कूल आने-जाने के लिए दूसरे रास्ते का इस्तेमाल करते थे। हादसे वाले दिन स्कूल पहुंचने में देरी हो रही थी, जिसके चलते उन्होंने नदी वाले रास्ते का इस्तेमाल किया। स्कूल से छुट्टी के बाद घर लौटते समय भी वे इसी रास्ते से नदी पार कर रहे थे।
बारिश के कारण नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से बच्चों को पानी के तेज बहाव का अंदाजा नहीं हो सका और तीनों बह गए। हादसे की जानकारी मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में नदी के पास पहुंचे और अपने स्तर पर बच्चों की तलाश शुरू की। इसके बाद पुलिस और जिला प्रशासन को सूचना दी गई।
एसडीआरएफ ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। नदी में बहे बच्चों की तलाश के लिए एसडीआरएफ की टीम को लगाया गया। लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद तीनों बच्चों के शव बरामद कर लिए गए।
नदी में बहने वाले बच्चों की पहचान अनमोल जायसवाल (7 वर्ष), स्तुति जायसवाल (9 वर्ष) और शिक्षा जायसवाल (8 वर्ष) के रूप में हुई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।
बारिश के बीच नदी-नाले पार नहीं करने की अपील
इलाके में लगातार हो रही बारिश के कारण नदी और नालों का जलस्तर बढ़ा हुआ है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान जान जोखिम में डालकर नदी या नाले को पार करने की कोशिश न करें। खासकर बच्चों को उफनते नदी-नालों के आसपास जाने से रोकने की अपील की गई है।इस दर्दनाक हादसे के बाद समडील गांव में मातम पसरा हुआ है। तीन मासूम बच्चों की मौत से ग्रामीणों में भी गहरा दुख है।



















