अंबिकापुर/प्रतापपुर। छत्तीसगढ़ के प्रतापपुर क्षेत्र से सड़क हादसे की दुखद खबर सामने आई है। सड़क पार करते समय तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आने से एक प्रधान पाठक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में घायल शिक्षक की अंबिकापुर के अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक शिक्षक की पहचान नरेश प्रसाद सिंह के रूप में हुई है। वे प्रतापपुर क्षेत्र के संकुल केंद्र भरदा अंतर्गत प्राथमिक शाला सिंघरा में प्रधान पाठक के पद पर पदस्थ थे। वे 55 साल के थे।
मिली जानकारी के मुताबिक हादसा रविवार शाम हुआ। नरेश प्रसाद सिंह अपने घर से निकले थे और इसी दौरान सड़क पार कर रहे थे। तभी तेज रफ्तार बाइक पर सवार दो युवकों ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद शिक्षक सड़क पर गिरकर बेहोश हो गए और उनके सिर में गंभीर चोटें आईं।
गंभीर हालत में प्रतापपुर अस्पताल में कराया गया भर्ती
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों और परिजनों की मदद से घायल शिक्षक को तत्काल प्रतापपुर के स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। उनकी हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर रेफर कर दिया।इसके बाद नरेश प्रसाद सिंह को संजीवनी अस्पताल अंबिकापुर में भर्ती कराया गया। यहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा था, लेकिन देर रात उनकी हालत बिगड़ गई और इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
सिर में लगी थी गंभीर चोट
बताया गया कि सड़क हादसे में शिक्षक के सिर पर गंभीर चोट आई थी। चिकित्सकों के अनुसार सिर में अंदरूनी चोट के साथ ब्लड क्लॉटिंग की समस्या भी हो गई थी। गंभीर चोटों के कारण उनकी हालत लगातार नाजुक बनी हुई थी और आखिरकार इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
एकल शिक्षकीय स्कूल में थे पदस्थ
नरेश प्रसाद सिंह प्रतापपुर के संकुल केंद्र भरदा स्थित प्राथमिक शाला सिंघरा में पदस्थ थे। जानकारी के अनुसार यह एकल शिक्षकीय प्राथमिक शाला है। 1998 बैच के सहायक शिक्षक नरेश प्रसाद सिंह प्रधान पाठक के रूप में वे 2023 से अपनी सेवाएं दे रहे थे।उनके निधन की खबर सामने आने के बाद शिक्षा विभाग और शिक्षक समुदाय में शोक की लहर है। सहकर्मी शिक्षकों ने नरेश प्रसाद सिंह के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
व्यवहारकुशल और मृदुभाषी शिक्षक के रूप में थी पहचान
सहयोगी शिक्षक दीपक कुमार झा ने बताया कि नरेश प्रसाद सिंह बेहद मृदुभाषी और व्यवहारकुशल व्यक्ति थे। अपने सहज स्वभाव के कारण वे साथी शिक्षकों और क्षेत्र के लोगों के बीच काफी लोकप्रिय थे।उनके आकस्मिक निधन से परिवार के साथ-साथ उनके सहकर्मियों और परिचितों में भी शोक का माहौल है। मूल रूप से प्रतापपुर के रहने वाले नरेश प्रसाद सिंह के निधन से शिक्षा जगत में भी लोगों ने दुख जताया है।
पोस्टमार्टम के बाद होगा अंतिम संस्कार
हादसे में जान गंवाने वाले शिक्षक के शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। इसके बाद आज देर शाम उनका अंतिम संस्कार किए जाने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।सड़क हादसे में एक शिक्षक की मौत ने एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। स्थानीय लोगों ने सड़क पर वाहनों की गति नियंत्रित करने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने की जरूरत बताई है।



















