Vaibhav Suryavanshi Fastest Fifty Record । भारतीय क्रिकेट का नया सितारा बनकर उभर रहे 15 वर्षीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने रविवार को कमाल ही कर दिया। IPL में बल्लेबाजी से तूफानी पारी खेलने वाले वैभव सूर्यवंशी का प्रदर्शन इंडिया A के खिलाफ अच्छा नहीं था, लेकिन रविवार को उन्हों एक ही पारी से सभी की शिकायतें दूर कर दी। वैभव ने दांबुला में एक ऐसा कारनामा कर दिखाया है, जिसने विश्व क्रिकेट को हैरान कर दिया है।
श्रीलंका-ए के खिलाफ ट्राई सीरीज के फाइनल मुकाबले में वैभव ने महज 11 गेंदों में अर्धशतक जड़कर 50 ओवर क्रिकेट का 20 साल पुराना विश्व रिकॉर्ड तोड़ दिया।दांबुला के रणगिरि दांबुला इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी ने सिर्फ 29 गेंदों पर 94 रन की विस्फोटक पारी खेली। उनकी इस पारी में चौकों और छक्कों की बरसात देखने को मिली। हालांकि वह शतक से महज 6 रन दूर रह गए, लेकिन अपनी तूफानी बल्लेबाजी से उन्होंने इतिहास रच दिया।
11 गेंदों में फिफ्टी, टूटा 20 साल पुराना वर्ल्ड रिकॉर्ड
विस्फोटक बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी अब लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने श्रीलंका के कौशल्या वीरारत्ने का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने नवंबर 2005 में सिर्फ 12 गेंदों में अर्धशतक लगाया था।वैभव ने अपनी फिफ्टी तक पहुंचने के दौरान एक भी सिंगल नहीं लिया। उन्होंने केवल चौकों और छक्कों के दम पर रन बटोरे। तेज गेंदबाज दुलाज समुदिता की गेंद पर छक्का लगाकर उन्होंने अपना ऐतिहासिक अर्धशतक पूरा किया।
चौके-छक्कों से मचाया कहर
वैभव की बल्लेबाजी इतनी आक्रामक थी कि श्रीलंकाई गेंदबाजों के पास कोई जवाब नहीं था। 11 गेंदों में अर्धशतक पूरा करने के दौरान उन्होंने 5 चौके और 5 छक्के लगाए।उनकी पारी ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया और भारतीय टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।
सबसे तेज लिस्ट-ए शतक से चूके
हालांकि वैभव सूर्यवंशी के पास लिस्ट-ए क्रिकेट का सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड बनाने का भी मौका था। हालांकि वह 94 रन पर आउट हो गए और यह उपलब्धि हासिल करने से चूक गए।लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के जेक फ्रेजर-मैकगर्क के नाम है, जिन्होंने अक्टूबर 2023 में केवल 29 गेंदों में शतक लगाया था।यदि वैभव कुछ देर और क्रीज पर टिकते तो वह इस रिकॉर्ड की बराबरी कर सकते थे या उसे तोड़ भी सकते थे।
सरफराज खान का भारतीय रिकॉर्ड भी टूटा
वैभव ने इस दौरान भारतीय क्रिकेट का भी एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। इससे पहले भारतीय लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक का रिकॉर्ड सरफराज खान के नाम था।सरफराज ने विजय हजारे ट्रॉफी में मुंबई की ओर से खेलते हुए पंजाब के खिलाफ 15 गेंदों में अर्धशतक लगाया था। अब वैभव ने 11 गेंदों में फिफ्टी लगाकर यह रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।
एबी डिविलियर्स के रिकॉर्ड से भी आगे
वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक का रिकॉर्ड दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज बल्लेबाज एबी डिविलियर्स के नाम है। उन्होंने 2015 में वेस्टइंडीज के खिलाफ केवल 15 गेंदों में फिफ्टी पूरी की थी।हालांकि वैभव का रिकॉर्ड लिस्ट-ए क्रिकेट में बना है, लेकिन उनकी उपलब्धि एबी डिविलियर्स की ऐतिहासिक पारी से भी तेज रही।
ट्राई सीरीज फाइनल में खेली यादगार पारी
इस पूरे टूर्नामेंट में वैभव सूर्यवंशी से काफी उम्मीदें थीं। शुरुआती चार मुकाबलों में वह कुल 117 रन ही बना सके थे, लेकिन फाइनल मुकाबले में उन्होंने अपने आलोचकों को करारा जवाब दिया।उनकी 29 गेंदों में 94 रन की विस्फोटक पारी ने साबित कर दिया कि भारतीय क्रिकेट को भविष्य का एक बड़ा मैच विनर मिल चुका है।
जल्द हो सकता है इंटरनेशनल डेब्यू
वैभव को लेकर क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि वैभव सूर्यवंशी का अगला बड़ा लक्ष्य भारतीय सीनियर टीम में जगह बनाना है। वह जल्द ही आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर जाने वाले हैं, जहां उनके इंटरनेशनल डेब्यू की संभावनाएं काफी मजबूत मानी जा रही हैं।महज 15 साल की उम्र में विश्व रिकॉर्ड बनाकर वैभव ने भारतीय क्रिकेट के भविष्य को लेकर उम्मीदें और बढ़ा दी हैं।










