न्यूज हेडलाइन टॉप न्यूज छत्तीसगढ़ ब्यूरोक्रेट वेब स्टोरी/शॉर्टस क्राइम शिक्षक/कर्मचारी देश/राज्य मौसम मनोरंजन खेल/खिलाड़ी राशिफल/धर्म सेहत ऑटोमोबाइल/मोबाइल बिजनेस नौकरी/सरकारी योजनाएं

---Advertisement---

स्वतंत्रता दिवस पर CM विष्णुदेव साय के बड़े ऐलान, 6,671 स्कूलों में बनेंगे बेटियों के शौचालय

स्वतंत्रता दिवस पर CM विष्णुदेव साय ने रायपुर में ध्वजारोहण कर कई बड़े ऐलान किए। 'मेरी बेटी-मेरा अभिमान', 24.50 लाख आवास, 8.23 लाख करोड़ निवेश और AI मिशन समेत जानें प्रमुख घोषणाएं।

August 15, 2026 4:39 AM
15 अगस्त पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया झंडोत्तोलन और ली परेड की सलामी
---Advertisement---11

रायपुर। छत्तीसगढ़ आज 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह आयोजित किया गया, जहां मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ध्वजारोहण कर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में नक्सलवाद से लेकर किसान, महिला, युवा, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, उद्योग, खेल और अधोसंरचना तक सरकार की उपलब्धियों और आगामी योजनाओं का विस्तृत खाका प्रस्तुत किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सलवाद से मुक्त छत्तीसगढ़ अब शांति, विकास और समृद्धि की नई यात्रा पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प में विकसित छत्तीसगढ़ की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। सरकार का फोकस किसान, महिला, युवा और जनजातीय समाज की समृद्धि के साथ आधुनिक अधोसंरचना और नई अर्थव्यवस्था पर है।

बस्तर में शांति के बाद अब नवनिर्माण का स्वर्णिम समय

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि नक्सलवाद के खिलाफ मिली सफलता के बाद बस्तर में शांति और विश्वास का नया वातावरण बना है। उन्होंने कहा कि जो क्षेत्र कभी हिंसा और भय से प्रभावित थे, वहां आज तिरंगा यात्राओं के जरिए स्वतंत्रता का उत्सव मनाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि अब बस्तर के नवनिर्माण का स्वर्णिम समय है। ‘नियद नेल्ला नार 2.0’ और ‘बस्तर मुन्ने अभियान’ के जरिए 31 योजनाओं और 14 सामुदायिक सुविधाओं का लाभ बस्तर संभाग के 39 लाख से अधिक लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। नक्सल हिंसा के कारण बंद स्कूलों को दोबारा शुरू करने के साथ 36 नए स्कूल स्वीकृत किए गए हैं।
ओरछा और जगरगुंडा जैसे दूरस्थ क्षेत्रों में एजुकेशन सिटी विकसित की जा रही है। वहीं ‘मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान’ के तहत 34 लाख से अधिक लोगों की स्वास्थ्य जांच कर हेल्थ प्रोफाइल तैयार की गई है।

किसानों के लिए 3100 रुपये प्रति क्विंटल धान खरीदी

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की समृद्धि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से 21 क्विंटल प्रति एकड़ के मान से धान खरीदा जा रहा है। ‘कृषक उन्नति योजना’ की राशि का एकमुश्त भुगतान होली से पहले किया गया।

फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने के लिए धान की जगह दलहन, तिलहन, मक्का, कोदो, कुटकी और रागी जैसी फसलें लेने पर 15 हजार रुपये की आदान सहायता देने का निर्णय लिया गया है। सरकार ने खाद और बीज की उपलब्धता सुनिश्चित करने का भी दावा किया।

सिंचाई के लिए 11 हजार करोड़ से ज्यादा की मंजूरी

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के लिए 11 हजार करोड़ रुपये से अधिक की मंजूरी दी गई है। सिकासार-कोडार नहर लिंकिंग परियोजना के लिए 3,047 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है।

इंद्रावती नदी पर लगभग 2 हजार करोड़ रुपये की लागत से मटनार और देउरगांव बैराज बनाए जाएंगे। इनसे करीब 32 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध होने की बात मुख्यमंत्री ने कही।

24.50 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मोदी की गारंटी’ के अनुरूप हर जरूरतमंद परिवार को पक्का आवास उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार काम कर रही है। अब तक प्रदेश में 24 लाख 50 हजार आवास स्वीकृत किए जा चुके हैं। प्रदेश में प्रतिदिन औसतन 1,600 घर बनाए जा रहे हैं।इसके अलावा प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना और मुख्यमंत्री खाद्यान्न सहायता योजना के माध्यम से 73 लाख परिवारों को निःशुल्क खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है।

महतारी वंदन योजना से महिलाओं को बड़ी राहत

मुख्यमंत्री ने कहा कि महतारी वंदन योजना के तहत अब तक 19 हजार 444 करोड़ रुपये महिलाओं के खातों में अंतरित किए गए हैं। राज्य में 13 लाख 85 हजार महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं।

जनजातीय समाज के लिए भी सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री जनमन योजना के माध्यम से 56 हजार से अधिक पीवीटीजी परिवारों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाई गई हैं। 6,691 जनजातीय बहुल गांवों में ‘धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान’ का लाभ दिया जा रहा है।

युवाओं के लिए भर्ती और अग्निवीरों को 10 फीसदी आरक्षण

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए कई सुधार किए गए हैं। तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के पदों पर भर्ती के लिए छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल बनाया गया है।

पुलिस विभाग में 7 हजार युवाओं की भर्ती की गई है। वहीं शिक्षक और सहायक शिक्षक के 3,946 पदों तथा बिजली कंपनियों में 1,235 पदों पर भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चार वर्ष की सैन्य सेवा पूरी करने वाले छत्तीसगढ़ के अग्निवीरों को पुलिस आरक्षक, वनरक्षक और जेल प्रहरी की सीधी भर्ती में 10 प्रतिशत आरक्षण देने का निर्णय लिया गया है।

500 करोड़ का AI मिशन, 5 नए मेडिकल कॉलेज

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य AI मिशन के लिए 500 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। इसके तहत 100 AI डेटा लैब, पांच सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और 50 से अधिक AI आधारित सेवाएं विकसित की जाएंगी। छह लाख विद्यार्थियों और डेढ़ लाख शासकीय कर्मचारियों को AI प्रशिक्षण देने की योजना है।इसके अलावा गीदम, कुनकुरी, जांजगीर-चांपा, मनेंद्रगढ़ और कवर्धा में पांच मेडिकल कॉलेज इसी सत्र से शुरू किए जा रहे हैं।

खेल प्रतिभाओं को मिलेगा प्रोत्साहन

मुख्यमंत्री ने ‘मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन’ शुरू करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि राज्य के 156 उत्कृष्ट खिलाड़ियों के लिए शासकीय सेवा के द्वार खोले गए हैं।ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक जीतने वाली छत्तीसगढ़ की खिलाड़ी ज्ञानेश्वरी यादव को डीएसपी पद पर पदोन्नत करने और 30 लाख रुपये की सम्मान राशि देने का निर्णय भी बताया गया।

छत्तीसगढ़ में 8.23 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव

औद्योगिक विकास पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इन्वेस्टर कनेक्ट कार्यक्रमों के माध्यम से अब तक 8 लाख 23 हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इनसे करीब 1 लाख 74 हजार रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है।नवा रायपुर में प्रदेश की पहली गारमेंट इकाई स्विफ्ट टेक्सटाइल से 4,600 से अधिक युवाओं को रोजगार मिलने की संभावना है। मुंगेली में भारत अर्थ मूवर्स लिमिटेड का प्लांट स्थापित किया जाएगा। प्रदेश में 23 नए औद्योगिक क्षेत्र भी विकसित किए जा रहे हैं।

बिजली उपभोक्ताओं को 910 करोड़ की राहत

मुख्यमंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना के माध्यम से 12 लाख से अधिक उपभोक्ताओं का 910 करोड़ रुपये का सरचार्ज माफ किया गया है। वहीं 90 हजार से अधिक उपभोक्ता प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ ले रहे हैं।

‘मेरी बेटी-मेरा अभिमान’ अभियान की शुरुआत

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ‘मेरी बेटी-मेरा अभिमान’ अभियान शुरू करने की घोषणा की। इसके तहत प्रदेश के 6,671 शासकीय विद्यालयों में बेटियों के लिए शौचालय बनाए जाएंगे। सरकार का उद्देश्य छात्राओं के लिए स्कूलों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘विकसित भारत-जी राम जी योजना’ के माध्यम से प्रदेश के 6,524 गांवों में मुक्तिधाम और प्रतीक्षालय बनाए जाएंगे।

पर्यटन और संस्कृति को वैश्विक पहचान देने की तैयारी

मुख्यमंत्री ने बस्तर और सरगुजा में पर्यटन सुविधाओं के विस्तार की बात कही। चित्रकोट को ग्लोबल टूरिस्ट डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करते हुए वहां टेंट सिटी बनाने की योजना है। वहीं सिरपुर को विश्व धरोहर स्थल के मानकों के अनुरूप विकसित किया जाएगा।छत्तीसगढ़ी लोककला और संस्कृति के संरक्षण के लिए ‘डॉ. तीजन बाई लोककला अलंकरण’ शुरू करने तथा छत्तीसगढ़ी सिनेमा के विकास के लिए ‘चित्रोत्पला फिल्म सिटी’ बनाने का निर्णय भी बताया गया।

विकसित भारत के साथ विकसित छत्तीसगढ़ का संकल्प
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने संबोधन के अंत में कहा कि विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ प्रदेशवासियों का सामूहिक लक्ष्य है। उन्होंने लोगों से एकजुट होकर प्रदेश और देश के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता के अमृत मूल्यों से प्रेरणा लेकर और ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’ की भावना के साथ विकसित छत्तीसगढ़ के माध्यम से विकसित भारत के संकल्प को साकार किया जाएगा।

Gitendra Sahu

Gitendra Kumar Sahu has over 10 years of experience in journalism and newsroom operations. He has worked with reputed media organizations such as Swaraj Express and Press Trust of India (PTI), where he spent nearly five years in active journalism. He has also worked with several digital media platforms and possesses extensive experience in both field reporting and newsroom desk operations. After completing his graduation, he chose journalism as his professional career. He specializes in political reporting, current affairs, and crime journalism, with strong expertise in breaking and handling major news stories.

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related Stories

Leave a Comment