धमतरी/नगरी,9 अगस्त 2026। आज पूरे देश, प्रदेश सहित सभी जगहों पर बडे़ ही उत्साह के साथ विश्व आदिवासी दिवस मनाया जा रहा है, वहीं धमतरी जिले के नगरी कृषि उपज मंडी प्रांगण में भी सर्व आदिवासी समाज द्वारा जिला स्तरीय विश्व आदिवासी दिवस का कार्यक्रम चल रहा है,जहां सर्व आदिवासी समाज के लोग भारी संख्या में शामिल हुए है,जहां पारंपरिक वेशभूषा और संस्कृति की झलक झलक दिखाई दे रहा है, इस अवसर पर ग्राम पंचायत नवागांव (सांकरा) की सरपंच, सरपंच संघ नगरी की उपाध्यक्ष, महिला प्रभाग ग्रामीण हल्बा समाज की अध्यक्ष एवं भाजपा महिला मोर्चा मंडल नगरी की महामंत्री श्रीमती नगीना सतीश सोम ने क्षेत्र एवं जिलेवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी है।
उन्होंने कहा कि 9 अगस्त केवल एक दिवस नहीं, बल्कि आदिवासी समाज की गौरवशाली विरासत और संघर्ष को याद करने का दिन है। हमारी बोली, वेशभूषा, लोककला, रीति-रिवाज और परंपराएं हमारी पहचान हैं, जिन्हें हमें मिलकर सहेजना है।
उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज का प्रकृति से हमेशा गहरा रिश्ता रहा है। जल, जंगल और जमीन के संरक्षण की सीख हमें अपनी परंपराओं से मिलती है। आज जरूरत है कि विकास के साथ-साथ अपनी संस्कृति और मूल पहचान को भी मजबूती से आगे बढ़ाया जाए।
श्रीमती सोम ने कहा कि महिलाएं समाज की मजबूत कड़ी हैं। शिक्षा, जागरूकता और महिला सशक्तिकरण के माध्यम से हम अपने समाज को और मजबूत बना सकते हैं। साथ ही उन्होंने युवाओं से अपनी संस्कृति, भाषा और परंपराओं से जुड़े रहने का आह्वान किया है।
उन्होंने बताया कि संयुक्त राष्ट्र महासभा ने वर्ष 1994 में 9 अगस्त को विश्व के आदिवासी लोगों का अंतरराष्ट्रीय दिवस घोषित किया था। इसका उद्देश्य दुनिया भर के आदिवासी समुदायों के अधिकारों और उनकी संस्कृति व पहचान के संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
अंत में श्रीमती नगीना सतीश सोम ने कहा…
“आइए, इस विश्व आदिवासी दिवस पर हम अपनी संस्कृति पर गर्व करें, अपनी परंपराओं को सहेजें और आने वाली पीढ़ी के लिए अपनी गौरवशाली विरासत को सुरक्षित रखें।”
उन्होंने क्षेत्र एवं जिले के समस्त आदिवासी समाज सहित सभी नागरिकों को विश्व आदिवासी दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।



















