रायपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने छह राज्यों में नए राज्यपालों की नियुक्ति की है। इन नियुक्तियों के बाद सिक्किम, केरल, तमिलनाडु, ओडिशा, कर्नाटक और उत्तराखंड को नए राज्यपाल मिले हैं। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सभी नवनियुक्त राज्यपालों को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की है।
किस राज्य में किसे बनाया गया राज्यपाल?
राष्ट्रपति द्वारा की गई नियुक्तियों के अनुसार, ओम प्रकाश माथुर को केरल का राज्यपाल बनाया गया है। वहीं, केरल के राज्यपाल रहे राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को तमिलनाडु की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
अन्य नियुक्तियों में ब्रज मोहन राम को ओडिशा, डॉ. सुधा यादव को कर्नाटक, डॉ. ढाल सिंह बिसेन को उत्तराखंड और दुष्यंत गौतम को सिक्किम का राज्यपाल नियुक्त किया गया है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दी शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सभी नवनियुक्त राज्यपालों को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सभी का सार्वजनिक जीवन का अनुभव और मार्गदर्शन संबंधित राज्यों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि उनके कार्यकाल में सुशासन, जनकल्याण और संवैधानिक मूल्यों को और मजबूती मिलेगी। उन्होंने सभी राज्यपालों के सफल, यशस्वी और गरिमामय कार्यकाल की मंगलकामना की।







