धमतरी/बेलरगांव। इन दिनों शारदीय नवरात्रि का पर्व चल रहा है,लिहाजा देश भर में नवरात्रि की धूम है।इसके साथ ही सभी देवी मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ लग रही है।शहर से लेकर गांव तक आकर्षक पंडाल सजाया गया है। जहां मातारानी अलग अलग स्वरूप में विराजमान है। भक्त सुबह शाम आरती भजन और जसगीत के साथ माता के सेवा में समर्पित है,हर तरफ़ जय माता दी की गूंज सुनाई दे रहा है।
बेलरगांव में निकली भव्य चुनरी यात्रा।
वहीं क्वांर नवरात्रि के पावन अवसर पर बेलरगांव में माता रानी के आगमन पर भव्य चुनरी यात्रा निकाली गई। सैकड़ों महिलाओं ने सिर पर चुनरी धारण कर श्रद्धा और भक्ति के साथ पूरे गांव का भ्रमण किया। इस दौरान जय माता दी के जयकारों से गांव का माहौल भक्तिमय हो गया। गांव के विभिन्न गली-मोहल्लों में पुष्पवर्षा कर चुनरी यात्रा का स्वागत किया गया।
अघोरी ग्रुप की प्रस्तुति बनी आकर्षण का केंद्र।
चुनरी यात्रा के दौरान अघोरी ग्रुप द्वारा शिव तांडव एवं शिव-पार्वती विवाह की मनमोहक झांकी प्रस्तुत की गई। कलाकारों ने आकर्षक वेशभूषा और शानदार अभिनय के माध्यम से भगवान शिव के तांडव तथा शिव-पार्वती विवाह का जीवंत दृश्य प्रस्तुत किया। इस प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।शिव तांडव की प्रस्तुति के दौरान हर-हर महादेव के जयकारों से पूरा पंडाल गूंज उठा। झांकी को देखने के लिए हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग इस भव्य आयोजन के साक्षी बने।
समिति के सदस्यों का रहा विशेष योगदान।
इस भव्य धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में कृषि ग्राम विकास समिति तथा नवदुर्गा एवं विजयादशमी समिति बेलरगांव के पदाधिकारियों और सदस्यों का विशेष योगदान रहा। आयोजन के माध्यम से गांव में धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता और आपसी सद्भाव का संदेश देखने को मिला।
आयोजन में विजयादशमी समिति के अध्यक्ष मौर्यध्वज सेन, कोषाध्यक्ष लिलेश प्रजापति, सचिव ओमप्रकाश देवांगन, सहसचिव केशर यादव, उपाध्यक्ष लोकेश यादव सहित भारत नेताम, प्रदीप कौर, उमेशदास मानिकपुरी, धन्नू साहू, कैशांत गुप्ता, गोविन्द साहू, कमलनयन परमार, राकेश सलाम, शिवराम नेताम, जीतूं साहू, रमेश नेताम एवं झाड़ू सलाम सहित अन्य सदस्यों का सहयोग रहा।







