मुजफ्फरपुर (बिहार) 4 जून 2026। बिहार के मुजफ्फरपुर में गुरुवार तड़के एक निजी अस्पताल में भीषण आग लग गयी। बताया जा रहा है कि ब्रह्मपुरा स्थित प्रसाद हॉस्पिटल के आईसीयू (इंटेंसिव केयर यूनिट) में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया, जिससे पूरे अस्पताल परिसर में धुआं फैल गया। हादसे में 10 मरीजों की मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक लोग घायल हो गए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार आग सुबह करीब 3:30 बजे अस्पताल की पांचवीं मंजिल पर स्थित आईसीयू में लगी। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने का संभावित कारण माना जा रहा है। आग लगते ही अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों के बीच भगदड़ मच गई। आनन-फानन में रेस्क्यू का काम शुरू किया गया।
इधर, घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल कर्मियों ने मरीजों को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास शुरू कर दिया। कई मरीजों को तत्काल दूसरे अस्पतालों में रेफर किया गया। हालांकि धुएं और आग की चपेट में आने से कई मरीज गंभीर रूप से प्रभावित हुए। घायलों में कईयों की हालत बेहद गंभीर बतायी जा रही है।
सूचना मिलने पर दमकल विभाग की करीब एक दर्जन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। हालांकि उससे पहले परिजनों ने अपने स्तर से भी मरीजों को बाहर निकालने का काम शुरू कर दिया था। वहीं, फायर ब्रिगेड की टीम ने घंटों मशक्कत कर राहत और बचाव अभियान चलाया। कई मरीजों को खिड़कियां और दरवाजे तोड़कर बाहर निकाला गया। दमकल कर्मियों और स्थानीय प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से कई लोगों की जान बचाई जा सकी।
हादसे की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन ने पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं। आग लगने के वास्तविक कारणों और अस्पताल में मौजूद सुरक्षा व्यवस्थाओं की भी जांच की जाएगी।
इस दर्दनाक हादसे ने अस्पतालों में अग्नि सुरक्षा मानकों को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल प्रशासन राहत एवं बचाव कार्य में जुटा हुआ है और मृतकों की पहचान के साथ उनके परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया जारी है।










