धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के कारीपानी और आमानारा गांव जबकि कोंडागांव जिले के बस्तर बुडरा में तेंदुए के आतंक के बीच अब बेलरगांव में भालू की चहलकदमी ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। वनांचल क्षेत्रों में तेंदुआ, भालू जैसे वन्यप्राणियों की लगातार मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
इसी बीच जिले के बेलरगांव में भालू दिखाई देने से हड़कंप मच गया। भालू को गांव में घूमते देख कुछ देर तक अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही।
जानकारी के मुताबिक, घटना बेलरगांव के सड़क पारा की है, जहां आज शाम करीब 5 बजे भालू अचानक दिखाई दिया। बताया जा रहा है कि भालू नदी की तरफ से आया और सड़क पार करते हुए अस्पताल के किनारे से होकर आगे निकल गया।
इस दौरान मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने भालू का वीडियो अपने मोबाइल के कैमरे में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
तेंदुए के बाद भालू की मौजूदगी से बढ़ी चिंता।
धमतरी जिले के सिहावा-नगरी वनांचल क्षेत्र में पहले से ही तेंदुए की मौजूदगी और हमले की घटनाओं को लेकर लोग चिंतित हैं। ऐसे में अब बेलरगांव में भालू दिखाई देने से ग्रामीणों की चिंता और बढ़ गई है।
गांव के आसपास वन्यप्राणियों की आवाजाही से लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।हालांकि, इस मामले में वन विभाग की ओर से अब तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।










