बेमेतरा। ACB की टीम ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। घूस लेते एक पुलिसकर्मी को ACB की टीम ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आपको बता दें कि एक केस के सिलसिले मे पुलिसकर्मी पीड़ित पक्ष से रिश्वत की डिमांड कर रहा था। कई बार अनुरोध के बावजूद पुलिसकर्मी अपनी जांच आगे नहीं बढ़ा रहा था।
पूरा मामला बेमेतरा जिले के थानखम्हरिया क्षेत्र का है, जहां एसीबी टीम ने घूसखोर हेड कांस्टेबल को गिरफ्तार किया है। पीड़ित युवक की शिकायत के बाद एसीबी की टीम ने अपने स्तर से जांच की, तो शिकायत सही पायी गयी, जिसके बाद एसीबी ने रंगे हाथों पुलिसकर्मी को गिरफ्तार करने का जाल बिछाया।
तय रणनीति के तहत, जैसे ही युवक ने पुलिसकर्मी को रिश्वत की राशि दी, जांच टीम ने हेड कांस्टेबल अजय लहरे को रंगे हाथों दबोच लिया। पुलिस थाने से प्रधान आरक्षक को रिश्वत लेते हुई गिरफ्तारी के बाद अब पूछताछ चल रही है। अजय लहरे थानखम्हारिया थाना में ही पदस्थ है।
आपको बता दें कि गुरुवार को भी एसीबी ने दो घूसखोर कर्मचारी को गिरफ्तार किया था। पटवारी भानु चंद्राकर और एक बाबू को घूस लेते पकड़ा गया था। पटवारी भानु को 25 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया है। पटवारी द्वारा यह रिश्वतखोरी जमीन से संबंधित कार्यों के लिए की गई थी, जिसमें उसे जमीन का नक्शा और बटांकन करने के एवज में यह रकम हासिल करनी थी। इस मामले की शिकायत मिलने के बाद एसीबी बिलासपुर की टीम ने जाल बिछाया और जैसे ही आरोपी पटवारी ने रिश्वत की राशि स्वीकार की, उसे तुरंत हिरासत में ले लिया गया।










