धमतरी। जिले के भखारा थाना क्षेत्र में रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक शराब के नशे में हाईटेंशन बिजली टावर पर चढ़ गया। युवक काफी ऊंचाई पर चढ़कर जमकर हंगामा करने लगा, जिससे मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
जानकारी मिलते ही भखारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू कर दिए। पुलिस के साथ स्थानीय लोग भी उसे समझाने की कोशिश कर रहे हैं।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक युवक ने दो शादियां की हैं। बताया जा रहा है कि दोनों पत्नियों से विवाद होने के बाद वह गुस्से में हाईटेंशन टावर पर चढ़ गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार यह पहली बार नहीं है। इससे पहले भी वह इसी तरह टावर पर चढ़कर हंगामा कर चुका है।
फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीम युवक को सुरक्षित नीचे उतारने में जुटी हुई है। घटना के चलते इलाके में लोगों की भारी भीड़ लगी हुई है। मामले की विस्तृत जानकारी का इंतजार है।










