जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में शादी समारोह के दौरान फिल्मी अंदाज में दुल्हन गायब हो गयी। बगीचा थाना क्षेत्र के पसिया गांव में फेरे से ठीक पहले दुल्हन मंडप छोड़कर भाग गयी। दुल्हा इंतजार करता रहा, लेकिन ना दुल्हन लौटी और ना ही उसके परिजनों का ही पता चला। हैरान करने वाला ये मामला अब पुलिस के पास है।
जानकारी के अनुसार, बगीचा थाना क्षेत्र के पसिया गांव में शादी समारोह चल रहा था। शादी की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं। मंडप सज चुका था और दोनों परिवारों के रिश्तेदार तथा मेहमान विवाह समारोह में शामिल थे। हल्दी सहित अन्य पारंपरिक रस्में भी पूरी हो चुकी थीं। बारात भी धूमधाम से पहुंची और स्वागत की सभी रस्में संपन्न कर ली गई थीं। इसके बाद फेरे की तैयारी चल रही थी।
इसी दौरान अचानक दुल्हन कथित रूप से अपने परिजनों के साथ विवाह स्थल से चली गई। दूल्हा पक्ष का कहना है कि जब उन्होंने दुल्हन की तलाश की तो वह मौके पर नहीं मिली। इसके बाद उन्हें पता चला कि दुल्हन अपने परिजनों के साथ वहां से निकल चुकी है। आरोप है कि जाते समय वह सोने-चांदी के जेवरात और मोबाइल फोन भी अपने साथ ले गई।
घटना की जानकारी मिलते ही शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई। जहां कुछ देर पहले तक बैंड-बाजे और शादी की खुशियां थीं, वहीं देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया। दोनों पक्षों के लोगों के बीच चर्चा और बहस का दौर शुरू हो गया। विवाह समारोह भी बीच में ही रुक गया।
दूल्हा पक्ष ने पूरे मामले की लिखित शिकायत बगीचा थाने में दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया है कि दुल्हन पक्ष बलरामपुर जिले के डीपाडीह गांव का रहने वाला है। दूल्हा पक्ष ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है।
पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद आवेदन स्वीकार कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बयान लिए जाएंगे और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि दुल्हन किन परिस्थितियों में विवाह स्थल से गई। दूल्हा पक्ष द्वारा लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है।
फिलहाल मामला जांच के अधीन है। ऐसे में दुल्हन के कथित रूप से जेवर और मोबाइल लेकर जाने के आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति सामने आएगी।










