बालोद। युवक डेढ़ घंटे पानी में डूबा रहा… पुलिस मर्ग कायम कर चुकी थी…अर्थी सज चुकी थी…परिजनों का करुण कंद्रन जारी था…लेकिन तभी अर्थी ओढ़ा युवक अगर अचानक से उठ बैठे, तो ये चमत्कार नहीं तो और क्या है। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से ऐसा ही एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जिसने पुलिस, ग्रामीणों और परिजनों को पलभर के लिए स्तब्ध कर दिया।
दरअसल गुण्डरदेही थाना क्षेत्र के रामनगर स्थित रामसागर तालाब में एक युवक घंटों तक पानी में एक ही जगह पड़ा रहा। लोगों ने उसे डूबकर मृत मान लिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग पंचनामा की तैयारी शुरू कर दी गई। इधर, युवक के घर में मातम छा गया और अंतिम संस्कार की तैयारी तक होने लगी। लेकिन जब पुलिस ने युवक को तालाब से बाहर निकाला, तो वह अचानक उठकर बैठ गया। यह नजारा देखकर मौके पर मौजूद सैकड़ों लोग हैरान रह गए।
जानकारी के अनुसार, रामनगर निवासी सूरज ठाकुर, पिता भोला ठाकुर, सोमवार दोपहर करीब ढाई बजे शराब के नशे में रामसागर तालाब में नहाने गया था। काफी देर तक वह वापस नहीं लौटा। दोपहर करीब साढ़े तीन बजे आसपास के लोगों की नजर तालाब पर पड़ी, जहां युवक पानी में एक ही स्थान पर पड़ा दिखाई दिया। उसकी कोई हलचल नहीं दिखने पर लोगों ने आशंका जताई कि उसकी डूबने से मौत हो गई है।
घटना की सूचना तत्काल वार्ड पार्षद और गुण्डरदेही पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। युवक की पहचान होने के बाद पुलिस ने मर्ग पंचनामा की तैयारी शुरू कर दी और तालाब से शव निकालने की प्रक्रिया शुरू की।
उधर, युवक के डूबने की खबर घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। महिलाएं बिलख-बिलखकर रोने लगीं। ग्रामीणों ने भी युवक को मृत मान लिया था। कुछ लोग रिश्तेदारों को सूचना देने में जुट गए, जबकि मोहल्ले के युवाओं को अंतिम संस्कार के लिए काठी तैयार करने तक की बात कह दी गई थी। पूरे गांव में शोक का माहौल बन गया था।
इसी बीच पुलिसकर्मी तालाब में उतरे और युवक को बाहर निकालकर किनारे लाए। तभी अचानक सूरज ठाकुर उठकर बैठ गया। युवक को जीवित देखकर पुलिसकर्मी, ग्रामीण और परिजन सभी अवाक रह गए। कुछ देर पहले जहां मातम पसरा हुआ था, वहीं अगले ही पल लोगों के चेहरों पर राहत और आश्चर्य दोनों साफ दिखाई दे रहे थे।
गुण्डरदेही थाना प्रभारी नवीन बोरकर ने बताया कि युवक शराब के नशे में तालाब में नहाने गया था। नशे की हालत में वह लंबे समय तक पानी में पड़ा रहा। हालांकि उसका सिर, नाक और मुंह पानी के ऊपर होने के कारण उसे पर्याप्त सांस मिलती रही, जिससे उसकी जान बच गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। फिलहाल युवक पूरी तरह सुरक्षित है और उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है।










