जांजगीर-चांपा। ऑनलाइन अटेंडेंस ऐप VSK को लेकर शिक्षकों की नाराजगी अभी भी कम नहीं हुई है। VSK ऐप को लेकर एक शिक्षिका का VIDEO सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। जानकारी के मुताबिक जांजगीर जिले के नवागढ़ ब्लॉक की एक शिक्षिका का अटेंडेंस ऐप की अनिवार्यता के विरोध में बनाया गया वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वीडियो में शिक्षिका ने ऑनलाइन उपस्थिति व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि अगर शिक्षकों की हाजिरी ऐप के जरिए दर्ज की जा रही है और उनकी निगरानी हो रही है, तो फिर अधिकारियों और अन्य विभागों के कर्मचारियों के लिए भी ऐसी ही व्यवस्था लागू होनी चाहिए।
वायरल वीडियो में नजर आ रही शिक्षिका की पहचान निर्मला कोमल के रूप में बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि उन्होंने 29 अगस्त को सुबह करीब 10:58 बजे यह वीडियो बनाया था। वीडियो में वह खुद को ड्यूटी पर बताते हुए शिक्षकों की ऑनलाइन अटेंडेंस को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर करती नजर आ रही हैं।
‘अगर शिक्षकों के लिए जरूरी है तो सभी के लिए लागू हो’
शिक्षिका ने कहा कि स्कूलों में शिक्षकों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए शासन ने ऐप के जरिए अटेंडेंस इन और अटेंडेंस आउट की व्यवस्था शुरू की है। इसके तहत शिक्षकों को निर्धारित समय पर स्कूल पहुंचकर ऐप के माध्यम से अपनी उपस्थिति दर्ज करनी होती है।
शिक्षिका का सवाल है कि जब शिक्षकों के लिए ऑनलाइन अटेंडेंस अनिवार्य की गई है, तो राजनेताओं, अधिकारियों और दूसरे विभागों के कर्मचारियों की उपस्थिति भी ऑनलाइन दर्ज क्यों नहीं की जाती?
मुख्यमंत्री और कलेक्टर से भी की मांग
वायरल वीडियो में शिक्षिका ने मुख्यमंत्री और कलेक्टर से अपनी उपस्थिति भी ऑनलाइन दर्ज कराने की मांग की है। उनका कहना है कि उपस्थिति की निगरानी की व्यवस्था अगर पारदर्शिता के लिए है, तो इसे केवल शिक्षकों तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए।
वीडियो वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग में चर्चा
शिक्षिका का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग में इसकी चर्चा तेज हो गई है। वीडियो को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। फिलहाल विभाग की ओर से शिक्षिका के वायरल वीडियो को लेकर किसी कार्रवाई या आधिकारिक प्रतिक्रिया की जानकारी सामने नहीं आई है।




















