बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने राज्य की उच्च न्यायिक सेवा में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। हाईकोर्ट ने 17 उच्च न्यायिक सेवा अधिकारियों का तबादला किया है। हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल द्वारा जारी आदेश के तहत कई महत्वपूर्ण पदों पर नई नियुक्तियां की गई हैं।
ओम प्रकाश जायसवाल बने रजिस्ट्रार ज्यूडिशियल
हाईकोर्ट लीगल सर्विस कमेटी के सचिव ओम प्रकाश जायसवाल को हाईकोर्ट का नया रजिस्ट्रार (ज्यूडिशियल) नियुक्त किया गया है। वहीं, जगदलपुर के प्रथम जिला एवं सत्र न्यायाधीश अजय सिंह राजपूत को जगदलपुर स्थित स्पेशल जज (NIA कोर्ट) की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
हाईकोर्ट और न्यायिक अकादमी में भी बदलाव
वहीं तबादले आदेश में बलौदाबाजार के प्रधान जिला न्यायाधीश अब्दुल जाहिद कुरैशी को हाईकोर्ट में रजिस्ट्रार (विजिलेंस) बनाया गया है। वहीं, राकेश कुमार वर्मा को छत्तीसगढ़ न्यायिक अकादमी, बिलासपुर में एडिशनल डायरेक्टर नियुक्त किया गया है। रूपनारायण पात्रे को हाईकोर्ट लीगल सर्विस कमेटी का नया सचिव बनाया गया है।
कई जिलों में बदले जिला एवं सत्र न्यायाधीश
तबादला आदेश के मुताबिक सूरजपुर की प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश विनिता वारनेर का तबादला बलौदाबाजार किया गया है। वहीं, सूरजपुर परिवार न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश थामस एक्का अब सूरजपुर के नए प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश होंगे।इसके अलावा, हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार (ज्यूडिशियल) सुमित कपूर को रायपुर का जिला एवं सत्र न्यायाधीश नियुक्त किया गया है।
कई जिलों में बदले न्यायिक प्रभार
इस प्रशासनिक फेरबदल के तहत रायपुर, जगदलपुर, बलरामपुर-रामानुजगंज, सारंगढ़ समेत कई जिलों के जिला एवं अतिरिक्त जिला न्यायाधीशों के प्रभार में बदलाव किया गया है।











