धमतरी। बारिश की शुरुआत होते ही सांपों की आवाजाही रिहायशी इलाकों में भी दिखने लगी है। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के वनांचल क्षेत्र सिहावा में रविवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब करीब 10 फीट लंबा विशालकाय अजगर सड़क पार करता हुआ दिखाई दिया। अजगर को देखकर राहगीरों में दहशत फैल गई। हालांकि स्थानीय लोगों ने घबराने के बजाय सूझबूझ का परिचय दिया और काफी मशक्कत के बाद अजगर का सुरक्षित रेस्क्यू कर उसे जंगल में छोड़ दिया।
गणेश घाट के पास सड़क पार करता दिखा अजगर
जानकारी के मुताबिक, घटना रविवार रात करीब 8 बजे सिहावा के गणेश घाट के पास की है। राहगीरों ने देखा कि एक विशालकाय अजगर सड़क पार कर पास के एक मकान की ओर बढ़ रहा है। कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। अजगर के रिहायशी इलाके की ओर बढ़ने से लोगों में डर का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों ने सुरक्षित किया रेस्क्यू
अजगर को देखते ही लोगों ने सावधानी बरतते हुए उसे घेर लिया। काफी देर की मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित तरीके से काबू में किया गया। इसके बाद अजगर को किसी प्रकार की क्षति पहुंचाए बिना पास के जंगल में सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया गया। राहत की बात यह रही कि इस पूरी घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
भोजन या पानी की तलाश में पहुंचा आबादी तक
बताया जा रहा है कि सिहावा गांव श्रृंगीऋषि पहाड़ी से सटा हुआ है, जहां घने जंगल और प्राकृतिक वन क्षेत्र मौजूद हैं। माना जा रहा है कि अजगर भोजन या पानी की तलाश में जंगल से निकलकर आबादी वाले इलाके तक पहुंच गया था।
वन्यजीवों की आवाजाही के लिए जाना जाता है सिहावा
सिहावा क्षेत्र में पहले भी तेंदुआ, भालू, जंगली सुअर और अन्य वन्यजीवों की आवाजाही होती रही है। वन विभाग समय-समय पर लोगों से अपील करता रहा है कि किसी भी वन्यजीव के दिखाई देने पर उसे नुकसान पहुंचाने के बजाय तुरंत विभाग को सूचना दें, ताकि सुरक्षित रेस्क्यू किया जा सके।
वन विभाग की अपील
वन विभाग ने लोगों से कहा है कि यदि किसी क्षेत्र में अजगर या अन्य वन्यजीव दिखाई दे तो उससे सुरक्षित दूरी बनाए रखें, भीड़ न लगाएं और स्वयं पकड़ने की कोशिश न करें। तत्काल वन विभाग या संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को सूचना दें।
नोट- सांप प्रकृति का साथी है, उसे मारें मत। जरूरत पड़ने पर स्नैक रेस्क्यू टीम की मदद लें।










