धमतरी, 10 जुलाई 2026। जिले के अन्तिम छोर दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, जिला धमतरी एवं इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) धमतरी के संयुक्त तत्वावधान में आज नगरी विकासखंड के सिविल अस्पताल बोराई में एक दिवसीय विशेष चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। कलेक्टर धमतरी के निर्देश एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. यू. एल. कौशिक के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाओं का लाभ उठाया।
बताया गया कि शिविर में मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. सुधीर चटर्जी, स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. वर्षा जैन, जनरल सर्जन डॉ. विभोर नंदा, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. आशीष खालसा, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. आशीष अग्रवाल तथा अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. संगम लुनकड़ ने मरीजों का परीक्षण कर उपचार एवं स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श दिया।
वहीं ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक (बीपीएम) हितेंद्र साहू ने बताया कि शिविर में कुल 243 मरीजों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया। इनमें 47 स्त्री रोग, 35 नेत्र रोग, 41 मेडिसिन, 51 जनरल सर्जरी, 39 शिशु रोग तथा 21 अस्थि रोग के मरीज शामिल रहे। सभी मरीजों को आवश्यकतानुसार चिकित्सकीय जांच, परामर्श एवं उपलब्धता के अनुसार निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं।
मिली जानकारी के मुताबिक शिविर के दौरान 31 स्कूली बालिकाओं को ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (HPV) का टीका लगाया गया। यह टीकाकरण गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर की रोकथाम की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जाता है। इस अवसर पर छात्राओं एवं उनके अभिभावकों को एचपीवी टीकाकरण के लाभ, सर्वाइकल कैंसर से बचाव तथा किशोरियों के स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी भी दी गई।
विशेषज्ञ चिकित्सकों ने लोगों से नियमित स्वास्थ्य जांच कराने, संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने, स्वच्छता बनाए रखने तथा किसी भी बीमारी के शुरुआती लक्षण दिखाई देने पर तत्काल चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की।
खंड चिकित्सा अधिकारी (बीएमओ) नगरी डॉ. डी. एन. सोम ने शिविर के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी विशेषज्ञ चिकित्सकों, स्वास्थ्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों, मितानिनों, शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों तथा स्थानीय नागरिकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों तक विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए इस प्रकार के जनहितकारी शिविरों का आयोजन निरंतर किया जाएगा।
शिविर में डॉ. नरेंद्र, डॉ. देविका, डॉ. मिथलेश, डॉ. रेणुका, आरएमए संजीव साहू, चिरायु दल के सदस्य, स्थानीय मितानिनों तथा ग्राम पंचायत बोराई के सरपंच माखन लाल सलाम सहित अनेक लोगों का सक्रिय सहयोग रहा।










