कांकेर। छत्तीसगढ़ के अस्पताल हमेशा सवालों में रहते हैं। इलाज में लापरवाही की शिकायतें आम रहती है, लेकिन इसी बीच अस्पताल परिसर में जुआ खेलने का भी गंभीर मामला सामने आया है। कांकेर जिले में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) चारामा परिसर में जुआ खेलते हुए एनएचएम के लेखापाल समेत 12 लोगों को पुलिस ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों में स्वास्थ्य विभाग के पांच कर्मचारी भी शामिल हैं। इस कार्रवाई के बाद स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।चारामा थाना पुलिस और जिला साइबर सेल की संयुक्त टीम ने सोमवार को मुखबिर की सूचना पर यह कार्रवाई की। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
दरअसल पुलिस के मुताबिक सूचना मिली थी कि सीएचसी चारामा परिसर के पास बने शेड में कुछ लोग ताश के पत्तों पर रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही चारामा थाना पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी और 12 लोगों को जुआ खेलते हुए पकड़ लिया।
6 लाख रुपये के करीब का सामान जब्त
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 5 लाख 96 हजार 510 रुपये मूल्य का सामान जब्त किया। इसमें शामिल हैं—
- 31,510 रुपये नकद
- 2 कार
- 3 मोटरसाइकिल
- 9 मोबाइल फोन
- 52 ताश के पत्ते
- एक चटाई
ये लोग हुए गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों में शामिल हैं—
- अशिवदत्त निषाद
- देवेंद्र कुमार सेन
- खेमलाल गजेंद्र
- वीरेंद्र मेश्राम
- देवप्रसाद उईके
- इंद्रजीत रामटेके
- ईश्वर नेताम
- प्रकाश सिन्हा
- डी.के. बंछोर (NHM लेखापाल)
- गोविंद जुर्री
- महेंद्र निषाद
- अरुण मंडावी
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार लोगों में स्वास्थ्य विभाग के पांच कर्मचारी, एक एनएचएम लेखापाल और उनके अन्य साथी शामिल हैं।
स्वास्थ्य विभाग पर उठे सवाल
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैसे सरकारी परिसर में जुआ खेलने की घटना सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकारी परिसर में इस तरह की गतिविधियां बेहद गंभीर मामला है और दोषियों पर विभागीय कार्रवाई भी होनी चाहिए।पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपियों से पूछताछ जारी है।










